नई दिल्ली, 13 अगस्त (आईएएनएस)। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की गुरुवार को पुण्यतिथि है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “नारी शक्ति, न्यायप्रियता, नीति-निपुणता और लोक-कल्याण की जीवंत प्रतिमूर्ति, परम शिव भक्त, पुण्यश्लोक लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि।”
सीएम योगी ने लिखा, “उन्होंने अपने राज्य में ही नहीं, बल्कि संपूर्ण राष्ट्र में समृद्धि, सामाजिक समरसता और धार्मिक पुनर्जागरण के नए आयाम स्थापित कर ‘सांस्कृतिक राष्ट्रवाद’ का अद्वितीय परचम लहराया। उन्होंने न्याय को नीति, सेवा को साधना और सुशासन को संस्कार बनाया। उनका प्रत्येक निर्णय धर्म और सेवा भाव से प्रेरित था। वे हम सभी के लिए हमेशा प्रेरणापुंज रहेंगी।”
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ‘एक्स’ पर लिखा, “सुशासन, लोककल्याण और नारी नेतृत्व की अनुपम प्रेरणा, लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जी की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटिशः नमन! धर्म, न्याय, सेवा और जनकल्याण पर आधारित उनका आदर्श शासन तथा भारतीय संस्कृति, परंपराओं और धरोहरों के संरक्षण में उनका महत्वपूर्ण योगदान सदैव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “परम शिवभक्त, महान वीरांगना और जन-जन की ‘लोकमाता’ देवी अहिल्याबाई होल्कर जी की पुण्यतिथि पर कोटि-कोटि नमन। लोककल्याण को शासन का धर्म और सनातन संस्कृति की सेवा को जीवन का संकल्प बनाने वाली लोकमाता ने देशभर के तीर्थों और मंदिरों के पुनरुद्धार से हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई शक्ति दी। उनका पुण्य जीवन और राष्ट्रसेवा युगों-युगों तक स्मरणीय रहेगी।”
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “धर्मरक्षा, महिला सशक्तीकरण एवं लोककल्याण की महान प्रतीक, वीरांगना महारानी अहिल्याबाई होल्कर जी की पुण्यतिथि पर कोटिशः नमन। आपने अपनी दूरदर्शिता से भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं तथा मंदिरों-मठों के संरक्षण एवं पुनरुद्धार में अतुलनीय योगदान दिया। धर्म एवं संस्कृति के संरक्षण के लिए आपके द्वारा किए गए महान कार्य सदैव हमारी प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।”
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने लिखा, “अद्वितीय साहस, सुशासन एवं नारी शक्ति की सशक्त प्रतीक ‘लोकमाता’ अहिल्याबाई होल्कर जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! उन्होंने न्याय और जनकल्याण को शासन का मूल आधार बनाकर प्रजावत्सल नेतृत्व का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। राष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत एवं तीर्थस्थलों के संरक्षण व पुनरुत्थान में उनके अविस्मरणीय योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा। उनके आदर्श सदैव जनसेवा और लोककल्याण के पथ पर हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।”

