Thursday, August 13, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन सलमान खान की ‘एसवीसी63’ में मुजम्मिल इब्राहिम की एंट्री, निभाएंगे एक्शन से...

सलमान खान की ‘एसवीसी63’ में मुजम्मिल इब्राहिम की एंट्री, निभाएंगे एक्शन से भरपूर किरदार

0
8

मुंबई, 13 अगस्त (आईएएनएस)। सलमान खान और नयनतारा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘एसवीसी63’ भी लंबे समय से सुर्खियों में है। फिल्म को लेकर मेकर्स ने अभी कई अहम जानकारियां छिपा रखी हैं, लेकिन धीरे-धीरे इससे जुड़े नए नाम सामने आ रहे हैं।

अब फिल्म की स्टारकास्ट में अभिनेता मुजम्मिल इब्राहिम का नाम भी जुड़ गया है। अभिनेता ने फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है और उनका कहना है कि उनका किरदार एक्शन से भरपूर होने वाला है।

‘धोखा’, ‘हॉर्न ओके प्लीज’, ‘विल यू मैरी मी’ और ‘स्पेशल ऑप्स’ जैसी फिल्मों और सीरीज में काम कर चुके मुजम्मिल इब्राहिम अब सलमान खान के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन वामशी पेडिपल्ली कर रहे हैं। हालांकि, फिल्म का आधिकारिक टाइटल अभी सामने नहीं आया है और फिलहाल इसे ‘एसवीसी63’ के नाम से ही जाना जा रहा है।

अपने किरदार के बारे में बात करते हुए मुजम्मिल ने कहा, ”फिल्म में अपने किरदार से जुड़ी ज्यादा जानकारी मैं साझा नहीं कर सकता, लेकिन बता सकता हूं कि मेरा किरदार एक्शन से भरपूर है। मैंने फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है।”

सूत्रों के मुताबिक, मुजम्मिल फिल्म में एक अहम भूमिका निभा रहे हैं। उनके किरदार को कहानी में महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। हालांकि, उनका किरदार सलमान खान और नयनतारा की कहानी से किस तरह जुड़ा होगा, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। मेकर्स ने फिल्म के ज्यादातर हिस्सों को सीक्रेट रखा हुआ है, जिससे फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बनी हुई है।

सलमान खान के साथ पहली बार काम करने को लेकर मुजम्मिल काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, ”सलमान खान के साथ स्क्रीन शेयर करने का मौका मिलना मेरे लिए बेहद खास है। उनके साथ काम करना मेरे लिए एक ‘बकेट-लिस्ट मोमेंट’ है। यह फिल्म मेरे करियर की एक खास उपलब्धि है।”

वामशी पेडिपल्ली के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को दिल राजू और शिरीष प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण श्री वेंकटेश्वर क्रिएशंस के बैनर तले बड़े स्तर पर किया जा रहा है। सलमान खान और नयनतारा के अलावा फिल्म में कई बड़े कलाकार नजर आने वाले हैं, हालांकि पूरी स्टारकास्ट का ऐलान अभी बाकी है।

फिल्म की शूटिंग फिलहाल जारी है और इसे ईद 2027 के मौके पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है।