Thursday, August 13, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय झारखंड : विधानसभा घेराव के दौरान हंगामे को लेकर 600 प्रदर्शनकारियों पर...

झारखंड : विधानसभा घेराव के दौरान हंगामे को लेकर 600 प्रदर्शनकारियों पर प्राथमिकी दर्ज

0
6

रांची, 13 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड की राजधानी रांची में 10 अगस्त को विधानसभा घेराव के दौरान हुए हंगामे और कथित हिंसा को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। विधानसभा थाना में 600 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें 100 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि 500 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

प्राथमिकी में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगाए गए बैरिकेड तोड़ने, पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी करने, सरकारी काम में बाधा डालने तथा पुलिस बल पर पथराव करने सहित कई आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, विधानसभा घेराव के लिए बड़ी संख्या में छात्र और अन्य प्रदर्शनकारी पहुंचे थे। पुलिस का दावा है कि प्रदर्शन में शामिल करीब 90 प्रतिशत छात्र शांतिपूर्ण तरीके से मौजूद थे, लेकिन लगभग 10 प्रतिशत लोगों ने स्थिति को उग्र किया।

पुलिस ने यह भी दावा किया है कि कुछ बाहरी उपद्रवी वाहनों से प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे थे और उन्होंने हंगामे को बढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, झड़प और पथराव की घटना में 14 से अधिक पुलिसकर्मी और सुरक्षा बल के जवान घायल हुए हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, पानी की बौछार की और लाठीचार्ज किया था।

पुलिस अब प्राथमिकी में नामजद आरोपियों के अलावा अज्ञात आरोपियों की पहचान में जुटी है। इसके लिए घटनास्थल की वीडियोग्राफी, सीसीटीवी फुटेज और ड्रोन कैमरों से मिले फुटेज की जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जरूरत पड़ने पर फेस रिकॉग्निशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित तकनीक की भी मदद ली जाएगी। छात्र जेपीएससी और जेएसएससी की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की जांच सीबीआई से कराने सहित अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। 10 अगस्त को इसी क्रम में विधानसभा घेराव का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।