Thursday, August 13, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन कमल हासन ने फिल्म इंडस्ट्री में पूरे किए 67 साल, बताया- ‘मैं...

कमल हासन ने फिल्म इंडस्ट्री में पूरे किए 67 साल, बताया- ‘मैं सिनेमा की दुनिया का सबसे उम्रदराज जेनजी हूं’

0
9

मुंबई, 13 अगस्त (आईएएनएस)। दिग्गज अभिनेता कमल हासन ने सिनेमा में अपने 67 साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर उन्होंने अपने अब तक के फिल्मी सफर को याद करते हुए कहा कि इन 67 सालों में से करीब 20 साल ही ऐसे रहे, जिन्हें वह अपनी असली सीख का दौर मानते हैं।

कमल हासन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने सिनेमा में उनके 67 साल पूरे होने पर शुभकामनाएं दीं।

अभिनेता ने कहा, ”मेरे सिनेमा में 67 साल पूरे होने पर शुभकामनाएं देने वाले सभी लोगों का शुक्रिया। मैं अगर अपने पूरे सफर को पीछे मुड़कर देखता हूं, तो मुझे लगता है कि इन 67 सालों में लगभग 20 साल ही मैं वास्तव में सीख पाया हूं। बाकी समय तो यूं ही परिस्थितियों के साथ बहता चला गया।”

उन्होंने लिखा, ”मुझे लगता है कि मैंने अनुभव के तौर पर अब तक जो कुछ हासिल किया है, उसे और बेहतर बनाया जा सकता है। यह सब उस वक्त तक, जब तक लोग इस क्षेत्र में मेरे बिताए सालों को गिनना बंद नहीं कर देते और कहीं और बेहतर नंबर तलाशना शुरू कर देते हैं। दिसंबर 1895 में लुमियर भाइयों की पहली सार्वजनिक फिल्म स्क्रीनिंग के बाद से फिल्म इंडस्ट्री को लगभग 130 साल और 8 महीने हो चुके हैं।”

अभिनेता ने आगे कहा, ”मेरी टीम ने मुझे याद दिलाया कि मैं इस इतिहास के 67 सालों का हिस्सा रहा हूं, यानी फिल्म इंडस्ट्री के पूरे इतिहास के आधे से भी ज्यादा समय का। यह बात अपने आप में काफी असाधारण है। फिर भी, अपने हिसाब से मैं सिर्फ 20 साल को ही अपनी असली सीख मान सकता हूं। शायद मैं सिनेमा की दुनिया का सबसे उम्रदराज जेनजी हूं।”

कमल हासन का फिल्मी सफर बेहद कम उम्र में शुरू हो गया था। उन्होंने बतौर बाल कलाकार सिनेमा में कदम रखा था। महज छह साल की उम्र में उन्होंने फिल्म ‘कलाथुर कन्नम्मा’ में अभिनय किया, और इसके लिए उन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इतनी कम उम्र में मिला यह सम्मान उनके शुरुआती करियर की बड़ी उपलब्धियों में शामिल रहा।

इसके बाद कमल हासन ने बतौर बाल कलाकार पांच अन्य फिल्मों में काम किया। उन्होंने 1962 में फिल्म ‘कन्नुम करलुम’ से मलयालम सिनेमा में अपनी शुरुआत की। यहीं से उनका सफर धीरे-धीरे अलग-अलग भारतीय भाषाओं की फिल्मों तक पहुंचता गया।

करीब सात दशक लंबे करियर में कमल हासन ने तमिल के साथ-साथ तेलुगु, मलयालम, हिंदी, कन्नड़ और बंगाली फिल्मों में भी काम किया। वह अब तक 230 से ज्यादा फिल्मों का हिस्सा रह चुके हैं।