Thursday, August 13, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल ‘कोई शिकायत नहीं, कोई अफसोस नहीं,’ आईपीएल 2026 में नहीं चला बल्ला,...

‘कोई शिकायत नहीं, कोई अफसोस नहीं,’ आईपीएल 2026 में नहीं चला बल्ला, अब अगले सीजन पर नेहल वढेरा का फोकस

0
11

नई दिल्ली, 13 अगस्त (आईएएनएस)। पंजाब किंग्स के बल्लेबाज नेहल वढेरा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 की तैयारी में जुटे हैं। फिलहाल न्यू चंडीगढ़ में टीम का ऑफ सीजन कैंप लगा है, जिसमें नेहल अपने खेल को बेहतर बनाने में जुटे हैं।

नेहल वढेरा ने ‘आईएएनएस’ के साथ बातचीत में ऑफ-सीजन कैंप के बारे में कहा, “सच कहूं तो, यह बहुत अच्छा रहा है। हम बहुत कड़ी प्रैक्टिस कर रहे हैं। हम अपने कोच के साथ अपनी खूबियों और उन चीजों पर काम कर रहे हैं जिनमें सुधार की जरूरत है। इसलिए, हम सभी मानसिक रूप से काफी मजबूत हैं। हम सभी न सिर्फ आईपीएल के लिए, बल्कि अपने-अपने घरेलू सीजन के लिए भी तैयारी कर रहे हैं। मतलब, हर कोई बहुत खुश है और अपने खेल को बेहतर बनाने की कोशिश कर रहा है।”

इस कैंप का आयोजन असिस्टेंट कोच ट्रेवर गोंसाल्वेस की देखरेख में हो रहा है। नेहल वढेरा ने कहा, “ट्रेवर गोंसाल्वेस हमारे साथ हैं। वह बहुत अनुभवी कोच हैं। वह हाल ही में आंध्र टीम के साथ भी काम कर रहे थे। वह लंबे समय से पंजाब किंग्स के साथ काम कर रहे हैं। जब भी हमारे सेशन होते हैं, वह हमेशा वहां खड़े रहते हैं और हमें रिकॉर्ड करते हैं। वह हमेशा हमें हमारे वीडियो दिखाते हैं, ताकि हम देख सकें कि कहां सुधार कर सकते हैं और यह बातचीत हमेशा चलती रहती है। वह हमसे यह जानने की भी कोशिश करते हैं कि हमें कहां लगता है कि हम अपने खेल को बेहतर बना सकते हैं। फिर, हम एक ऐसे प्वाइंट पर पहुंचते हैं जहां हम सहमत होते हैं कि, ‘हां, यहां आपको सुधार करने की जरूरत है। यहां आपकी खूबियां हैं।’ ये कैंप हमारी मदद करते हैं, क्योंकि हमारे पास बहुत अच्छे गेंदबाज हैं। पंजाब के सभी बेहतरीन गेंदबाज यहां एकजुट हुए हैं और आईपीएल के लिए उनका टेस्ट भी हो रहा है।”

“इसलिए, जब वे हमें गेंदबाजी करते हैं तो वे भी अपना श्रेष्ठ खेल दिखाते हैं और हमारे बीच एक बहुत अच्छा चैलेंज होता है। हम कभी-कभी प्रैक्टिस मैच भी खेलते हैं, लेकिन कभी-कभी यहां बारिश हो जाती है। हम अभी प्रैक्टिस मैच नहीं खेल पा रहे हैं, लेकिन हमारे कुछ ओपन नेट सेशन हो रहे हैं। तो, यह मजेदार है क्योंकि ट्रेवर हमारे साथ अपने अनुभव साझा कर रहे हैं और हम उनके साथ काम करके बहुत खुश हैं।”

ऐसे ऑफ-सीजन कैंप की अहमियत पर नेहल वढेरा ने कहा, “बतौर खिलाड़ी हमें कैंप के लिए बुलावा आता है, तो हम खिलाड़ी सच में बहुत उत्साहित होते हैं, लेकिन मुझे लगता है कि पंजाब किंग्स की यह बहुत अच्छी पहल है, क्योंकि वे नहीं चाहते कि खिलाड़ी अकेले रह जाएं और खुद से प्रैक्टिस करें। वे हर खिलाड़ी के खेल को बेहतर बनाने के लिए भी उत्सुक रहते हैं। इसीलिए वे लगातार कैंप लगाते रहते हैं, क्योंकि वे देखना चाहते हैं कि खिलाड़ी अपने खेल में कहां सुधार कर रहा है, वह प्लेइंग इलेवन में कहां फिट हो सकता है और टीम के लिए मैच जिता सकता है। तो, वे जितने भी कैंप लगाते हैं, उसमें ऐसा नहीं है कि अगर हमें लगे कि हमें किसी चीज पर काम करने की जरूरत है, जैसे दो-तीन घंटे बैटिंग करनी है, तो वे हमेशा मौजूद रहते हैं और कोई समय सीमा नहीं होती, इसलिए यह वाकई बहुत अच्छा है।”

“साथ ही, हम बेहतरीन गेंदबाजों के साथ प्रैक्टिस करते हैं और जब हमें कैंप के लिए बुलावा आता है तो हम बहुत खुश होते हैं। हम सच में उत्साहित होते हैं, क्योंकि हमें पता है कि पंजाब किंग्स हमारे साथ है और वे हमें सब कुछ मुहैया कराएंगे। चाहे गेंदें हों, ज्यादा प्रैक्टिस हो, जिम, मसाज, फिजियोथेरेपी, रिहैब, पूल – सब कुछ यहां उपलब्ध है। पंजाब किंग्स इस मामले में बहुत अच्छा काम कर रही है। फ्रेंचाइजी खिलाड़ियों का बहुत अच्छे से ख्याल रखती है, जिससे खिलाड़ियों का खेल और भी निखर कर आता है। इसलिए, हम सच में बहुत खुश हैं।”

आईपीएल 2025 में बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 16 मुकाबलों में 30.75 की औसत के साथ 369 रन बनाए, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल रहे, लेकिन अगले सीजन 8 मुकाबलों में सिर्फ 10.83 रन जुटा सके। आईपीएल 2026 सीजन में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन न कर पाने पर नेहल वढेरा ने कहा, “मतलब, इस साल मेरा खेल चल नहीं पाया। ऐसा नहीं है कि मैंने आईपीएल से पहले अपने खेल पर काम नहीं किया था या मुझे खुद से कोई उम्मीदें नहीं थीं। लेकिन हां, खेल नहीं चला, तो नहीं चला। पर मैंने इससे बहुत कुछ सीखा है और अब मैं उस पर काम कर रहा हूं। हर खिलाड़ी के करियर में ऐसे दौर आते हैं। यह सीजन भी उन्हीं में से एक था जिसमें मैं अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया। मैं ऐसा इंसान नहीं हूं जो शिकायत करे कि मैं कुछ नहीं कर पाया या ऐसा कुछ। लेकिन हां, मुझे खुशी है कि मैं इससे कुछ सीख पाया—जैसे कि लगातार अच्छा प्रदर्शन कैसे करें, खेल को आगे कैसे ले जाएं, और तब भी मैच कैसे जीतें जब टीम अच्छी स्थिति में न हो। इस सीजन में मैंने उन सभी मैचों से जितना हो सका, उतना सीखा—चाहे वे मैच हों जिनमें मैं अच्छा नहीं खेल पाया या वे जिनमें मैं खेला ही नहीं।”

“मैं बस उनसे नोट्स बनाता था और सोचता रहता था कि अगर मैं खेल रहा होता तो क्या करता। कभी-कभी, आप कितनी भी कोशिश कर लें, चीजें ठीक से नहीं हो पातीं। तो, यह बस वैसा ही एक सीजन था, लेकिन हां, अब मैं मानसिक रूप से अच्छी स्थिति में हूं। मैंने अच्छी प्रैक्टिस की है। मुझे पता है कि अगर मुझे फिर से ऐसी ही स्थिति में लाया गया, तो मैं अच्छा प्रदर्शन करूंगा।”

“आईपीएल 2026 में जब चीजें उम्मीद के मुताबिक नहीं चल रही थीं, तब श्रेयस अय्यर और रिकी पोंटिंग से मिले सपोर्ट के बारे में वढेरा ने कहा, “श्रेयस आईपीएल में पिछले दो-तीन सीजन से बहुत अच्छा खेल रहे हैं। आज वो जिस मुकाम पर हैं, उसके हकदार हैं। हमारी जो भी बातचीत हुई, वो हमेशा बहुत सकारात्मक रही। हां, मैंने अच्छा नहीं खेला और सच कहूं तो मैं उन सभी मैचों को खेलने का हकदार भी नहीं था। मुझे मौके मिले थे, लेकिन मैं उन्हें भुना नहीं पाया। इसलिए, मुझे कोई अफसोस नहीं है कि मैं नहीं खेला।”

“मैंने कोई शिकायत नहीं की, ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। बल्कि, मैं श्रेयस अय्यर और रिकी पोंटिंग से बातचीत कर रहा था। जैसे कि मैं कैसे सुधार कर सकता हूं? आपको क्या लगता है कि मुझमें क्या कमी है या ऐसा ही कुछ? लेकिन जवाब वही मिलता था और मेरे मन में भी यही बात आती थी कि कभी-कभी चीजें काम नहीं करतीं, चाहे आप कितनी भी कोशिश कर लें, क्योंकि प्रैक्टिस के दौरान भी जब मैं बैटिंग करता था, तो बहुत अच्छा खेलता था। यहां तक कि हमारे कोच रिकी पोंटिंग भी मेरी बैटिंग से बहुत खुश थे, लेकिन उनका भी यही कहना था कि कभी-कभी चीजें बस काम नहीं करतीं। तो मैंने सोचा, ठीक है, मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं है। मैं अपनी पूरी कोशिश कर रहा हूं और अपना बेस्ट दे रहा हूं। मैं शत प्रतिशत दे रहा हूं। अगर फिर भी बात नहीं बन रही, तो ठीक है। लेकिन फिर भी, अगर मैं इससे कुछ सीख सकता था, तो मैंने सीखा और नेट्स में और भी ज्यादा मेहनत से प्रैक्टिस की। कोई शिकायत नहीं, कोई अफसोस नहीं। मैं अपना श्रेष्ठ दे रहा था, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया।”