Friday, August 14, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन ‘आर्यभट्ट का जीरो’ की स्क्रीनिंग में जुटे कई दिग्गज, एक्टर हिमांश कोहली...

‘आर्यभट्ट का जीरो’ की स्क्रीनिंग में जुटे कई दिग्गज, एक्टर हिमांश कोहली ने कहा धन्यवाद

0
6

मुंबई, 14 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेता हिमांश कोहली की फिल्म ‘आर्यभट्ट का जीरो’ सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। शुक्रवार को अभिनेता ने सोशल मीडिया के जरिए अपने सभी सीनियर एक्टर्स को फिल्म सपोर्ट करने के लिए धन्यवाद अदा किया।

दरअसल, मुंबई में फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग रखी गई थी, जहां कई सारे दिग्गज कलाकार फिल्म को सपोर्ट करने के लिए आए थे।

शुक्रवार को हिमांश कोहली ने इस स्क्रीनिंग की झलक इंस्टाग्राम पर शेयर की। अभिनेता ने लिखा, “मुंबई, ये पल मेरे लिए सच में बहुत खास रहा। मेरे सभी सीनियर्स, सुपर सीनियर्स, दोस्तों और फिल्म इंडस्ट्री के उन सभी लोगों का दिल से धन्यवाद, जो अपना समय निकालकर मेरी फिल्म को सपोर्ट करने आए। आप सभी जानते हैं कि ये सफर मेरे लिए कितना मायने रखता है। इसलिए जब मैंने अपने करीबी लोगों, आदर्शों और उन लोगों को अपने साथ देखा, जो इस फिल्म के सफर में मेरे साथ रहे हैं, तो वो एहसास मेरे लिए बहुत खास था।”

उन्होंने लिखा, “आप लोग हमेशा मेरे साथ खड़े रहे, मेरा हौसला बढ़ाया और मेरी ताकत बने। आपके इस प्यार और सपोर्ट को मैं कभी नहीं भूलूंगा। बहुत सारा प्यार और दिल से बहुत-बहुत धन्यवाद! मुंबई, आपने इस पल को मेरी जिंदगी की एक ऐसी याद बना दिया, जिसे मैं हमेशा याद रखूंगा। आर्यभट्ट का जीरो।”

कमल चंद्रा द्वारा निर्देशित फिल्म ‘आर्यभट्ट का जीरो’ में हिमांश कोहली ने ‘बग्गू’ (ब्रह्मगुप्ता श्रीवास्तव) नाम के एक 25 वर्षीय युवा की भूमिका निभाई है। बग्गू की जिंदगी में लगातार असफलताएं आती हैं। परीक्षा में बार-बार फेल होना पड़ता है और प्यार में भी दिल टूटता है जब उसकी प्रेमिका किसी और से शादी कर लेती है।

इस फिल्म में हिमांश कोहली और रवि किशन के अलावा सोनल सहगल, दर्शना बनिक, नरेश वोहरा, अलका अमीन, और नीरज सूद जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं, जबकि शिल्पा शिंदे एक खास रोल में नजर आएंगी। ‘आर्यभट्ट का जीरो’ 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म को दर्शकों की तरफ से लगातार प्यार मिल रहा है।