Friday, August 14, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने राहुल गांधी को निशाने पर लिया, बोले-...

केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने राहुल गांधी को निशाने पर लिया, बोले- 2029 में जनता कांग्रेस का मजाक उड़ाएगी

0
5

मुंबई, 14 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए विदेश नीति पर राहुल गांधी की टिप्पणियों, सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की निंदा और ऑटो-रिक्शा व टैक्सी ड्राइवरों के लिए मराठी भाषा को अनिवार्य बनाने को लेकर प्रतिक्रिया दी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की पीएम को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कहा, “ऐसे मजाक उड़ाना राहुल गांधी का एक धंधा बन गया है। मुझे लगता है कि राहुल गांधी को अपनी जिम्मेदारियां निभानी चाहिए। विपक्ष का नेता वह नहीं होता जो दूसरों का मजाक उड़ाए, और जो लोग दूसरों का मजाक उड़ाते हैं, वे खुद ही मजाक का पात्र बन जाते हैं। पहले राहुल गांधी को ‘पप्पू’ कहा जाता था। यह अच्छी बात है कि कांग्रेस पार्टी ने 2024 में 99 सीटें जीतीं, जिससे वे विपक्ष के नेता बन पाए।”

उन्होंने कहा कि हर बात पर विरोध करना लोकतंत्र नहीं है। उनको प्रधानमंत्री के खिलाफ बयानबाजी को बंद करना चाहिए। अगर वे ऐसे ही बोलते रहे तो 2029 में जनता कांग्रेस और राहुल गांधी का मजाक उड़ाएगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा, “मेरा मानना है कि सभी देशों के साथ भारत के संबंध अच्छे हैं। डोनाल्ड ट्रंप और नरेंद्र मोदी के बीच दोस्ती है। अमेरिका बड़ा देश है, जो हमारी अर्थव्यवस्था की प्रगति में अहम भूमिका निभा सकता है। नरेंद्र मोदी की वजह से देश की अर्थव्यवस्था नंबर चार पर आई है। अमेरिका और रूस के साथ हमारे संबंध अच्छे हैं। विदेश नीति पर राहुल गांधी की ओर से मजाक उड़ाना ठीक नहीं है।

विपक्ष की ओर से संसद न चलने देने के सवाल पर रामदास आठवले ने कहा कि राहुल गांधी अहंकारी बन गए हैं। अहंकार हटाकर ही वे अच्छे नेता बन सकते हैं। अगर सभी देशों के साथ संबंध अच्छे हैं तो उसको बिगाड़ने का काम राहुल गांधी को नहीं करना चाहिए।

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले पर केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कहा, “मुझे लगता है कि यह एक बहुत महत्वपूर्ण गुरुद्वारा है, जहां भारत के हर कोने से और दुनिया भर से सिख समुदाय के लोग आते हैं। यह एक पवित्र स्थान है। अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के बाद, नांदेड़ का यह गुरुद्वारा सबसे महत्वपूर्ण गुरुद्वारों में से एक है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के बेटे सुखबीर सिंह बादल नांदेड़ के गुरुद्वारे गए थे, जहां एक व्यक्ति ने उन पर हमला कर दिया। हमले का कारण अभी पता नहीं चला है, लेकिन सिख समुदाय के किसी युवा का सिख समुदाय के ही किसी नेता पर हमला करना अच्छी बात नहीं है। मामले की पूरी जांच की जा रही है और पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है।”

प्रियंक खड़गे पर निशाना साधते हुए रामदास आठवले ने कहा, “पूरे देश में तिरंगा रैलियां हो रही हैं। हाल ही में संसद में एक कार्यक्रम हुआ था, जिसमें सभी मंत्री मौजूद थे और हमने तिरंगा फहराया। मैं भी प्रधानमंत्री के साथ वहां मौजूद था। तिरंगा हमारे लिए बहुत गर्व और सम्मान की बात है। जब तिरंगा लहराता है, तो हमारी ताकत काफी बढ़ जाती है। जहां भी सेना और बीएसएफ के जवान मौजूद होते हैं और जहां भी तिरंगा लहराता है, उससे हमें ताकत मिलती है।”

मराठी भाषा को अनिवार्य बनाने को लेकर रामदास आठवले ने कहा कि मुंबई भारत की आर्थिक राजधानी है। यहां देश के कोने-कोने से लोग आते हैं। यहां फिल्म इंडस्ट्री और बड़े-बड़े उद्योग हैं। ऐसे में मेरा मानना है कि हिंदी और मराठी का विवाद करना बिल्कुल ठीक नहीं है। जिसको मराठी नहीं आती, उस पर इस तरह से दबाव डालना ठीक नहीं है। धीरे-धीरे ऑटो रिक्शा चालक और बाकी लोग मराठी बोलना सीख रहे हैं, लेकिन एकदम से ऑटो रिक्शा का परमिट रद्द करना ठीक नहीं है। यहां रहने वाले प्रवासी लोगों में से लगभग 80 प्रतिशत मराठी बोलते हैं।