Friday, August 14, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth दिल्ली: जीटीबी अस्पताल में 58 सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर पदों पर भर्ती जारी,...

दिल्ली: जीटीबी अस्पताल में 58 सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर पदों पर भर्ती जारी, 17 अगस्त तक करें आवेदन

0
4

नई दिल्ली, 14 अगस्त (आईएएनएस)। सरकारी अस्पताल में नौकरी करना मेडिकल क्षेत्र से जुड़े लोगों का सपना होता है। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल (जीटीबीएच) ने अपने विभिन्न विभागों में एड-हॉक आधार पर सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर के कुल 58 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं।

जीटीबी अस्पताल की ओर से जिन विभागों में सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर के 58 पदों पर भर्ती निकाली गई है, उनमें मेडिसिन में 10, एंडोक्रिनोलॉजी में 3, रेडियोलॉजी में 8, जनरल सर्जरी में 3, बर्न्स और प्लास्टिक में 4, न्यूरोसर्जरी में 6, पैथोलॉजी में 2, एनेस्थीसिया में 8, पीडियाट्रिक्स में 1, हेमेटोलॉजी पीडियाट्रिक्स (ऑन्कोलॉजी) में 1, ऑर्थोपेडिक्स में 1, ऑब्सटेट्रिक्स और गायनेकोलॉजी में 1, फोरेंसिक मेडिसिन में 1, ऑप्थल्मोलॉजी में 1, ईएनटी में 1, डीईएम (डायबिटीज, एंडोक्रिनोलॉजी और मेटाबॉलिज्म) सर्जरी में 1, बायोकेमिस्ट्री में 1, डीईएम बायोकेमिस्ट्री में 1, डर्मेटोलॉजी में 1 और ए एंड ई (आपातकालीन विभाग) में 4 पद शामिल हैं।

इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन (गूगल फॉर्म) के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 17 अगस्त तय की है। ऐसे में सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर पदों पर नियुक्ति के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार जीटीबी अस्पताल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना में दिए गए आवेदन लिंक के माध्यम से तय अंतिम तिथि के सुबह 11.30 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित क्षेत्र में 3 वर्ष के अनुभव के साथ पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री/डीएनबी/पीजी डिप्लोमा, एमबीबीएस होनी चाहिए। इसी के साथ इंटरव्यू के समय उम्मीदवार के पास वैध डीएमसी रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट होना चाहिए।

आवेदकों की अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना इंटरव्यू की तारीख के हिसाब से की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, वॉक-इन इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 67,700 रुपए प्रतिमाह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन करते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी के लिए 500 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीएच/ईडब्ल्यूएस श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

वॉक-इन इंटरव्यू सुबह 10.30 बजे से ‘चिकित्सा निदेशक का कार्यालय, गुरु तेग बहादुर अस्पताल, सरकारी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के दिलशाद गार्डन: दिल्ली – 110095’ पते पर मेडिसिन, एंडोक्रिनोलॉजी, रेडियोलॉजी और जनरल सर्जरी के लिए 18 अगस्त को; बर्न्स और प्लास्टिक, न्यूरोसर्जरी, पैथोलॉजी और एनेस्थीसिया के लिए 19 अगस्त को; पीडियाट्रिक्स, हेमेटोलॉजी पीडियाट्रिक्स (ऑन्कोलॉजी), ऑर्थोपेडिक्स, ऑब्सटेट्रिक्स और गायनेकोलॉजी के लिए 20 अगस्त को; फोरेंसिक मेडिसिन, ऑप्थल्मोलॉजी और ईएनटी के लिए 21 अगस्त को: डीईएम (डायबिटीज, एंडोक्रिनोलॉजी और मेटाबॉलिज्म) सर्जरी, बायोकेमिस्ट्री, डीईएम बायोकेमिस्ट्री, डर्मेटोलॉजी और ए एंड ई (आपातकालीन विभाग) के लिए 22 अगस्त को आयोजित किए जाएंगे, जिसके लिए उम्मीदवारों का केंद्र पर रिपोर्ट करने का समय सुबह 9:30 से 10 बजे के बीच तय किया गया है।