Saturday, August 15, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल स्वतंत्रता दिवस पर भारतीय क्रिकेट टीम की एकमात्र जीत, विराट कोहली बने...

स्वतंत्रता दिवस पर भारतीय क्रिकेट टीम की एकमात्र जीत, विराट कोहली बने थे हीरो

0
6

नई दिल्ली, 15 अगस्त (आईएएनएस)। भारत अपनी आजादी की 80वीं वर्षगांठ मना रहा है। स्वतंत्रता दिवस भारतीय क्रिकेट इतिहास के दृष्टिकोण से भी काफी अहम है। इस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भी भारतीय टीम और श्रीलंका के बीच गाले में टेस्ट मैच की शुरुआत होनी है। यह टेस्ट मैच भारतीय क्रिकेट टीम का 600वां टेस्ट है, इस लिहाज से यह ऐतिहासिक है।

भारतीय क्रिकेट टीम इतिहास में स्वतंत्रता दिवस के दौरान कई बार मैदान पर उतरी है। कई मैचों में टीम इंडिया को जीत मिली है, जबकि कई बार मायूसी का सामना भी करना पड़ा है। स्वतंत्रता दिवस के दिन भारतीय टीम को एकमात्र जीत वेस्टइंडीज के खिलाफ मिली है। यह रोमांचक मुकाबला 14 अगस्त को शुरू हुआ था और 15 अगस्त तक खेला गया था। इस मैच में टीम इंडिया ने जीत दर्ज की थी और पोर्ट ऑफ स्पेन में तिरंगा लहराया था।

2019 में 14 अगस्त को भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे मुकाबला शुरू हुआ और भारतीय समयानुसार 15 अगस्त के शुरुआती घंटों में समाप्त हुआ। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की।

बारिश से बाधित 35 ओवरों के इस मैच में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 240 रन बनाए। डकवर्थ-लुईस नियम के तहत मिले 255 रनों के लक्ष्य को भारत ने 6 विकेट रहते हासिल कर लिया। कप्तान विराट कोहली ने 99 गेंदों पर नाबाद 114 और श्रेयस अय्यर ने 41 गेंदों पर 65 रन की पारी खेलकर भारत को 6 विकेट से जीत दिलायी थी। भारतीय टीम ने 32.5 ओवर में 4 विकेट पर 256 रन बना लिए थे। इस जीत को आधिकारिक तौर पर पुरुष क्रिकेट में स्वतंत्रता दिवस पर दर्ज पहली जीत माना जाता है। विराट कोहली प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे थे और सीरीज भारत ने 3 वनडे मैचों की सीरीज 2-0 से जीती थी।