पटना, 15 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री और एलजेपी (राम विलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों का जिक्र किया।
चिराग पासवान ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अगर आप पिछले 12 सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों की तुलना कांग्रेस के शासनकाल के पिछले 70 सालों से करें तो आपको बहुत फर्क नजर आएगा। मैं समझता हूं कि इसे एक विश्लेषण की दृष्टि के रूप में देखा जाना चाहिए, लेकिन हमें यहां यह भी ध्यान रखना होगा कि जब हम दोनों शासनकाल की आपस में तुलना करते हैं तो हमें यह भी ध्यान रखना होगा कि दोनों के कार्यकाल के दौरान जनसंख्या में कितनी वृद्धि हुई है।
उनके मुताबिक, आज की तारीख में जिस गति से आबादी बढ़ रही है, उसे देखते हुए हमारे लिए यह समझना जरूरी हो जाता है कि क्या यह बुनियादी विकास मौजूदा जनसंख्या के लिए पर्याप्त होगा। अगर नहीं होता तो हमें यह समझना होगा कि आगामी दिनों में हमें क्या कुछ कदम उठाना होगा। हम मौजूदा स्थिति को बेहतर बनाने की दिशा में क्या कुछ कदम उठा सकते हैं। हमें इस संबंध में पूरी रूपरेखा को तैयार करके जमीन पर उतारना होगा, तभी जाकर मैं समझता हूं कि हमारे लिए आगामी दिनों में स्थिति सकारात्मक हो पाएगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए जो मियाद तय की है, हम उस मियाद तक अपने लक्ष्य को प्राप्त करने में सफल रहेंगे। इस दिशा में हमारी तरफ से पूरी कोशिश की जा रही है। हर प्रकार का योगदान हमारी ओर से दिया जा रहा है।
इसके अलावा, उन्होंने नक्सलवाद का भी जिक्र किया। केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, एक तरफ जहां नक्सलवाद का खात्मा हो चुका है, तो वहीं दूसरी तरफ से आज प्रधानमंत्री की ओर से दिमागी नक्सलियों का भी जिक्र किया गया है। ये वो लोग हैं, जो समाज में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। ये वो लोग हैं, जो विकसित भारत के सपने को साकार होता हुआ नहीं देख सकते हैं। ये लोग इस बात से डरे हुए हैं कि कहीं भारत आगामी दिनों में एक महाशक्ति के रूप में उभरकर सामने नहीं आए। ये लोग उसी विचार को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे इस देश की जनता बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि बहुत मुमकिन है कि हमारे देश में ऐसे लोग मौजूद हो, जो अराजकता फैलाने की कोशिश करें। हमें ऐसे लोगों को चिन्हित करना होगा, क्योंकि यही लोग विकास के पथ पर बाधा पैदा करने की कोशिश करते हैं। ऐसी स्थिति में ऐसे लोगों की पहचान करना जरूरी हो जाता है। कुल मिलाकर प्रधानमंत्री ने देश की जनता को ऐसे सभी लोगों से सतर्क रहने का संदेश दिया है।

