उदयपुर, 16 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह राजस्थान शनिवार रात उदयपुर पहुंचे। उनके आगमन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने डबोक स्थित महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। गृह मंत्री अमित शाह शनिवार रात उदयपुर में रात्रि विश्राम करेंगे, जबकि रविवार को उनका मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा जाने का कार्यक्रम निर्धारित है।
केंद्रीय गृह मंत्री के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, जिले के प्रभारी मंत्री हेमंत मीणा, सांसद सी.पी. जोशी, उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत और राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता मौजूद रहे।
रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राजस्थान के निम्बाहेड़ा (चित्तौड़गढ़) और अलवर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इस दौरान वे प्रदेश को 12 हजार करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण, शिलान्यास और अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रम शामिल हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी अमित शाह के साथ निम्बाहेड़ा पहुंचेंगे और कार्यक्रम में उनकी अगवानी करेंगे। राज्य सरकार के अनुसार, इन परियोजनाओं से प्रदेश के बुनियादी ढांचे, उद्योग, सड़क, ऊर्जा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को नई गति मिलेगी।
अमित शाह के उदयपुर आगमन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। एयरपोर्ट से लेकर उनके प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। रविवार सुबह अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा निम्बाहेड़ा के लिए रवाना होंगे, जहां प्रदेश के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर विधायक ताराचंद जैन, उदयलाल डांगी, फूल सिंह मीणा, शांता देवी और प्रताप भील सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अमित शाह का स्वागत किया। भाजपा शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, देहात जिला अध्यक्ष पुष्कर तेली, अलका मूंदड़ा सहित पार्टी पदाधिकारी भी एयरपोर्ट पर उपस्थित रहे। भाजपा नेता चंद्रगुप्त सिंह चौहान और सलूंबर भाजपा जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी भी स्वागत कार्यक्रम में शामिल हुए।

