Sunday, August 16, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के भारत में आयोजित होने से उत्साहित हैं...

बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के भारत में आयोजित होने से उत्साहित हैं लक्ष्य और उन्नति

0
8

नई दिल्ली, 16 अगस्त (आईएएनएस)। बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 17 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में होना है। चैंपियनशिप में भारत के शीर्ष शटलर हिस्सा ले रहे हैं। ऐसे में भारत के पास एक बार फिर से अपनी धरती से बैडमिंटन जगत को अपनी ताकत और दबदबा दिखाने का मौका है।

एकल इवेंट में हिस्सा लेने वाले देश के जाने-माने शटलर लक्ष्य सेन ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, “मेरा पहला वर्ल्ड चैंपियनशिप काफी अच्छा अनुभव था। हाल ही में मैंने जो वर्ल्ड चैंपियनशिप खेली, उनमें भी कुछ अच्छी थीं, जबकि कुछ उतनी अच्छी नहीं थीं। मुझे लगता है कि यहां खेलने से भारतीय खिलाड़ियों को घरेलू दर्शकों का फायदा मिलेगा। हम यहां काफी दिनों से अभ्यास भी कर रहे हैं। मैं इस टूर्नामेंट में खेलने के लिए काफी उत्साहित हूं, खासकर इसलिए क्योंकि यह भारत और दिल्ली में हो रहा है।”

लक्ष्य ने 2021 में हुए इवेंट में कांस्य पदक जीता था।

18 साल की शटलर उन्नति हुड्डा ने कहा, “यह मेरी पहली वर्ल्ड चैंपियनशिप है। यह भारत में हो रही है। इसलिए, मैं सच में बहुत उत्साहित हूं और हर मैच का इंतजार कर रही हूं। मैंने मानसिक और शारीरिक तौर पर अच्छी तैयारी की है। दोनों बहुत जरूरी हैं। मैंने बेसिक स्किल के साथ ही कोर्ट पर अभ्यास किया है।”

2023 में हुए वर्ल्ड चैंपियनशिप के विजेता थाईलैंड के कुनलावुत विटिडसार्न ने कहा, “मुझे लगता है कि पुरुष एकल सच में मुश्किल है। हर पोजीशन बहुत मुश्किल है। मैं फिर से इंडिया आया हूं और सच में बहुत खुश हूं। मैं इस टूर्नामेंट में अपना बेस्ट देने की कोशिश करूंगा।”

बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप 2026 का मुख्य मुकाबला सोमवार से शुरू होगा। पहले दिन पुरुष और महिला एकल के ड्रॉ के ऊपरी हिस्से के मुकाबले खेले जाएंगे। भारत में 17 साल बाद हो रही विश्व चैंपियनशिप में दुनिया के शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।