Monday, August 17, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल डीपीएल 2026: ‘मैं बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों को बराबर अहमियत देता हूं’,...

डीपीएल 2026: ‘मैं बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों को बराबर अहमियत देता हूं’, दमदार प्रदर्शन के बाद बोले हर्ष त्यागी

0
10

नई दिल्ली, 17 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के एक हाई-स्कोरिंग मैच में आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने पुरानी दिल्ली 6 को 21 रनों से हराया। इस जीत में निचले क्रम में हर्ष त्यागी की अहम पारी और आखिरी ओवरों में अनुशासित गेंदबाजी निर्णायक साबित हुई। ऑलराउंडर हर्ष ने कहा कि उन्होंने हमेशा बल्लेबाजी और गेंदबाजी में अपने योगदान को बराबर अहमियत दी है।

आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 219 रन लगाए। टीम की ओर से यजस शर्मा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों में 86 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, प्रियांश आर्या ने 21 गेंदों में 30 रन बनाए। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 120 रनों की शानदार साझेदारी निभाई। वहीं, अंत के ओवरों में हर्ष त्यागी ने सिर्फ 15 गेंदों का सामना करते हुए 32 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि अक्षय सैनी 23 गेंदों में 49 रन बनाकर नाबाद रहे।

गेंदबाजी में हर्ष त्यागी ने 22 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जिससे पुरानी दिल्ली 6 की टीम 220 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 6 विकेट खोकर 198 रन ही बना सकी। हर्ष ने सोमवार को एक बयान में कहा, “जब मैं बैटिंग करने उतरा, तो छह ओवर बचे थे और लक्ष्य 200 रन तक पहुंचना था। मैंने लगभग 30 अहम रन जोड़े। गेंदबाजी में मेरे शुरुआती दो ओवर मुश्किल रहे, लेकिन मैंने आखिरी दो ओवरों में रनों पर काबू रखने पर ध्यान दिया।”

अंतिम ओवरों में अपनी गेंदबाजी के बारे में विस्तार से बताते हुए बाएं हाथ के स्पिनर ने वेरिएशन बॉलिंग पर अपनी ऑफ-सीजन तैयारी का जिक्र किया। “उन स्लॉग ओवरों के दौरान मुझे पता था कि मैं कुछ रन दे सकता हूं, लेकिन मुझे अपनी तैयारी पर भरोसा था। मैंने दिल्ली में पूरे साल अपनी यॉर्कर और धीमी गेंदों पर काफी काम किया है ताकि बल्लेबाजों को उलझन में डाल सकूं।”

उन्होंने आगे कहा, “सबसे अहम बात थी अमल करना। मैदान पर मैंने जो कुछ भी करने की योजना बनाई थी, वह सब सही रहा। मैं अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों को बराबर अहमियत देता हूं। मैं खुद को एक गेंदाबजी ऑलराउंडर के तौर पर देखता हूं जो अपने कोटे के सभी ओवर फेंक सकता है और निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए अच्छे स्ट्राइक रेट से रन भी बना सकता है।”

पुरानी दिल्ली 6 के लिए मिस्ट्री स्पिनर दिगवेश राठी सबसे शानदार गेंदबाज रहे, जिन्होंने अपने चार ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट लिए। हालांकि, मैच के दौरान विपक्षी बल्लेबाज की ओर दो बार इशारा करने के कारण, आचार संहिता के नियम 2.5 (लेवल 1) का उल्लंघन करने पर राठी पर जुर्माना लगाया गया। मैच रेफरी अभिनव बाली ने राठी पर उनकी मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया और दो डिमेरिट प्वाइंट दिए, क्योंकि खिलाड़ी ने अपनी गलती मान ली थी और सजा स्वीकार कर ली थी।