नई दिल्ली, 17 अगस्त (आईएएनएस)। एयरटेल पेमेंट्स बैंक ने सोमवार को नेतृत्व में परिवर्तन का ऐलान किया है। इसके तहत अब सुनील भारती मित्तल कंपनी के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन और बोर्ड से इस्तीफा देंगे, जो कि 30 सितंबर, 2026 से प्रभावी होगा।
मित्तल की जगह शबनम सिन्हा 1 अक्टूबर, 2026 से एयरटेल पेमेंट्स बैंक के चेयरपर्सन का पद संभालेंगी। उनकी नियुक्ति को बोर्ड और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) से मंजूरी मिल चुकी है।
मौजूद समय में सिन्हा बैंक के बोर्ड में स्वतंत्र निदेशक के रूप में कार्यरत हैं।
कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा,”भारत के सबसे तेजी से बढ़ने वाले डिजिटल बैंकों में से एक, एयरटेल पेमेंट्स बैंक लिमिटेड ने आज नेतृत्व में बदलाव की घोषणा की। इसके तहत, सुनील भारती मित्तल 30 सितंबर, 2026 से नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के तौर पर अपना कार्यकाल पूरा करेंगे और बोर्ड से हट जाएंगे।”
फाइलिंग में आगे कहा गया, “बोर्ड और आरबीआई की मंजूरी के बाद शबनम सिन्हा को 1 अक्टूबर, 2026 से शुरू होने वाले तीन साल के कार्यकाल के लिए एयरटेल पेमेंट्स बैंक लिमिटेड की चेयरपर्सन नियुक्त किया जाता है।”
अपनी नियुक्ति पर बात करते हुए सिन्हा ने कहा कि वह बैंक की मौजूदा रफ्तार को आगे बढ़ाने, विकास के अगले चरण को गति देने और ग्राहकों, भागीदारों व समुदायों के लिए बैंक के प्रभाव को बढ़ाने के मकसद से बोर्ड और मैनेजमेंट टीम के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं।
उन्होंने कहा, “एयरटेल पेमेंट्स बैंक में यह जिम्मेदारी संभालना मेरे लिए सम्मान की बात है, खासकर ऐसे समय में जब डिजिटल फाइनेंशियल सर्विसेज भारत की समावेशी विकास यात्रा की रीढ़ बन रही हैं।”
बैंक के अनुसार, उनके पास डेवलपमेंट फाइनेंस, फाइनेंशियल सर्विसेज, पब्लिक पॉलिसी और इंस्टीट्यूशनल ट्रांसफॉर्मेशन के क्षेत्रों में तीन दशकों से ज्यादा का लीडरशिप और बोर्ड का अनुभव है।
उनके प्रोफेशनल करियर में वर्ल्ड बैंक के साथ काम करना भी शामिल है, जहां उन्होंने एशिया, अफ्रीका और यूरोप की सरकारों और संस्थाओं को गवर्नेंस, रिस्क मैनेजमेंट और ऑपरेशनल के मामलों में सलाह दी।
भारती एंटरप्राइजेज के फाउंडर और चेयरमैन मित्तल को अप्रैल 2016 में एयरटेल पेमेंट्स बैंक का नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन नियुक्त किया गया था। बैंक का कहना है कि उनकी लीडरशिप में यह आय के मामले में भारत का सबसे बड़ा पेमेंट्स बैंक बन गया और इसका कामकाज कंज्यूमर और एंटरप्राइज दोनों तरह के बिजनेस में फैला।
इस बदलाव पर बात करते हुए मित्तल ने कहा कि चेयरमैन के तौर पर सेवा करना उनके लिए सम्मान की बात थी। उन्होंने भरोसा जताया कि सिन्हा बैंक की मजबूत नींव को और आगे बढ़ाएंगे और डिजिटल बैंकिंग प्लेटफॉर्म के तौर पर इसकी स्थिति को और मजबूत करेंगे।

