Monday, August 17, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल एशियन गेम्स मेरे जीवन का सबसे महत्वपूर्ण टूर्नामेंट, पूरी जान झोंक दूंगी:...

एशियन गेम्स मेरे जीवन का सबसे महत्वपूर्ण टूर्नामेंट, पूरी जान झोंक दूंगी: अनाहत सिंह

0
8

नई दिल्ली, 17 अगस्त (आईएएनएस)। वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप जीतने वाली पहली भारतीय अनाहत सिंह का अगला लक्ष्य एशियन गेम्स 2026 है। वह इसे अपने जीवन का सबसे महत्वपूर्ण टूर्नामेंट मानती हैं, क्योंकि इसमें ओलंपिक क्वालिफिकेशन भी दांव पर है।

18 वर्षीय अनाहत ने कनाडा में ऐतिहासिक जीत के साथ वर्ल्ड जूनियर विमेंस सिंगल्स इवेंट में मिस्र के लंबे समय से चले आ रहे दबदबे को खत्म किया था। अब वह इस बड़े कॉन्टिनेंटल इवेंट की तैयारी कर रही हैं, जहां उनका मुकाबला एशिया के टॉप खिलाड़ियों से होगा।

एचएसीएल स्क्वैश के साथ मिलकर स्क्वैश फेडरेशन ऑफ इंडिया की तरफ आयोजित एक सम्मान समारोह में अनाहत ने कहा, “मुझे लगता है कि यह मेरे जीवन का सबसे महत्वपूर्ण टूर्नामेंट होने वाला है। इसलिए मैं अगले कुछ महीनों में इसमें अपनी पूरी जान लगा दूंगी।”

स्क्वैश 2028 में लॉस एंजिल्स में ओलंपिक में डेब्यू करेगा, जिससे एशियन गेम्स अनाहत के लिए एक अहम मौका बन जाता है क्योंकि वह ओलंपिक में होने वाली पहली ऐतिहासिक स्क्वैश प्रतियोगिता में जगह बनाने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा, “ओलंपिक में जगह बनाना हर एथलीट का सपना होता है। और ऐसा करने वाली पहली स्क्वैश खिलाड़ी बनना मेरे लिए दुनिया की सबसे खुशी की बात होगी।”

फिलहाल दुनिया की टॉप 20 खिलाड़ियों में शामिल अनाहत को एशियन गेम्स में आने वाली चुनौतियों का अच्छी तरह अंदाजा है। इस इवेंट में मलेशिया, हांगकांग और जापान के कई टॉप-रैंक वाले खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है, जिससे यह युवा भारतीय खिलाड़ी के लिए एक कठिन परीक्षा होगी।

अनाहत ने ‘आईएएनएस’ को बताया, “मलेशिया, हांगकांग और जापान के कई अन्य खिलाड़ी हैं जो दुनिया की टॉप-10 या टॉप-20 रैंकिंग में हैं और वे बहुत बड़े प्रतियोगी भी हैं।”

यह भारतीय टीनएजर एशियन गेम्स से पहले बचे हुए समय का इस्तेमाल जरूरी सुधार करने के लिए भी करना चाहती है। उन्होंने कहा, “अगर मैं अगले कुछ महीनों तक कड़ी ट्रेनिंग कर पाऊं और सच में सुधार करके एशियन गेम्स में अपना बेस्ट गेम खेल सकूं, तो यह बहुत शानदार होगा। यह तो बस शुरुआत है।”

अनाहत पहले भी एशियन गेम्स में हिस्सा ले चुकी हैं और उस टूर्नामेंट की यादों ने उन्हें इस कॉन्टिनेंटल इवेंट में वापसी के लिए और उत्साहित किया है। उन्होंने कहा, “एशियन गेम्स में जाने पर लोगों को उम्मीद होगी कि मैं बहुत तनाव में रहूंगी, क्योंकि यह एक बड़ा इवेंट है, लेकिन मैं वहां जाने के लिए बहुत उत्साहित हूं। पिछली बार जब मैंने एशियन गेम्स खेले थे, तो वे मेरी जिंदगी के सबसे अच्छे दो हफ्ते थे। मैंने बहुत मजा किया था और विलेज में रहना और इतने सारे टॉप एथलीट्स को देखना एक शानदार अनुभव था। मैं फिर से ऐसा करने के लिए बहुत उत्साहित हूं, लेकिन इस बार कुछ अलग तरह से। मैं इसे अच्छा प्रदर्शन करने और अपना बेस्ट गेम खेलने के लिए एक प्रेरणा के तौर पर देख रही हूं।”