Tuesday, August 18, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति अलीगढ़: भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बने प्रो. तारीक मंसूर, बोले- पूरी निष्ठा...

अलीगढ़: भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बने प्रो. तारीक मंसूर, बोले- पूरी निष्ठा से निभाएंगे जिम्मेदारी

0
4

अलीगढ़, 17 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा ने अलीगढ़ के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के पूर्व कुलपति प्रो. तारिक मंसूर को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रो. तारिक मंसूर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर विश्वास जताया है और वह संगठन की ओर से दी जाने वाली हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में प्रो. तारिक मंसूर ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह और पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के आभारी हैं, जिन्होंने उन्हें यह जिम्मेदारी दी और उन पर विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जब भी उन्हें कोई जिम्मेदारी दी है, उन्होंने उसे निभाने का प्रयास किया है और आगे भी संगठन जो काम सौंपेगा, उसे पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाएगा।

प्रो. तारिक मंसूर से जब पूछा गया कि पार्टी ने पहले उन्हें विधान परिषद सदस्य बनाया और अब संगठन में राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी दी है, तो वह इसे किस तरह देखते हैं, इस पर उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी जाती है, वह उसे निभाते हैं। उन्होंने कहा कि विधान परिषद में विधायक के रूप में पार्टी और संगठन से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना उनकी जिम्मेदारी है। इसके अलावा संगठन की ओर से जो कार्य उन्हें सौंपे जाते हैं, उन्हें भी वह पूरा करते हैं। उनके लिए पद से ज्यादा महत्वपूर्ण पार्टी की ओर से दी गई जिम्मेदारी है और संगठन के निर्देशों के अनुसार काम करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद प्रो. तारिक मंसूर से भाजपा में मुस्लिम समाज और अल्पसंख्यकों से जुड़े मुद्दों को लेकर भी सवाल किया गया। उनसे पूछा गया कि पार्टी के कुछ नेताओं की ओर से मुस्लिम समुदाय के खिलाफ दिए जाने वाले बयानों को वह किस नजरिए से देखते हैं। इस पर उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व की बात को प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टियों में से एक है और किसी भी बड़े संगठन में अलग-अलग नेताओं के अलग-अलग बयान हो सकते हैं।

प्रो. तारिक मंसूर ने कहा कि पार्टी और सरकार की मूल सोच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बताए “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के सिद्धांत पर आधारित है। उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के समाज के सभी वर्गों तक पहुंचना चाहिए और उनके अनुसार केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अलग-अलग जाति, धर्म और समुदाय के लोगों को मिल रहा है। किसी भी जाति, धर्म, समुदाय या प्रदेश से आने वाला व्यक्ति सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकता है। उनके मुताबिक, यही समावेशी विकास की दिशा है।

प्रो. तारिक मंसूर ने कहा कि भाजपा और केंद्र सरकार का बड़ा लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा हो सकता है, जब देश के सभी वर्गों को विकास की प्रक्रिया में समान रूप से शामिल किया जाए। उन्होंने उत्तर प्रदेश के विकास को भी इस लक्ष्य से जोड़ते हुए कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश के बिना विकसित भारत की कल्पना पूरी नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का एक महत्वपूर्ण राज्य है और यहां विकास होने का सीधा असर देश के समग्र विकास पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य का लाभ समाज के सभी वर्गों को मिलना चाहिए और सरकारी योजनाओं का फायदा अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना जरूरी है।

अगले वर्ष उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए जब उनसे पूछा गया कि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के तौर पर उनकी जिम्मेदारी कितनी बड़ी होगी, तो तारिक मंसूर ने कहा कि राष्ट्रीय पदाधिकारियों की जिम्मेदारी केवल किसी एक राज्य तक सीमित नहीं होती। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पदाधिकारी पूरे देश के लिए काम करते हैं। पार्टी की नई टीम में अलग-अलग राज्यों के नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। इसमें तमिलनाडु, गुजरात, पश्चिम बंगाल, असम, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों के नेता शामिल हैं। देश के अलग-अलग राज्यों में समय-समय पर चुनाव होते रहते हैं और ऐसे में पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रहती है। पार्टी जहां और जिस तरह की जिम्मेदारी देगी, वह उसे निभाने के लिए तैयार हैं।

प्रो. तारिक मंसूर ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के तौर पर उनकी जिम्मेदारी पूरे देश में संगठन को मजबूत करने और पार्टी के निर्देशों के अनुसार काम करने की होगी। उत्तर प्रदेश में चुनाव होने की स्थिति में भी पार्टी की ओर से जो जिम्मेदारी मिलेगी, उसे पूरा किया जाएगा।

नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से बधाई दिए जाने को लेकर भी प्रो. तारिक मंसूर ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उन पर भरोसा करना उनके लिए महत्वपूर्ण है और वह इसके लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे वह पूरी निष्ठा से निभाने का प्रयास करेंगे।