Tuesday, August 18, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन ‘बहुरूपी-द गोल्डन डाकू’ का टीजर कुछ भी नहीं, असली रोमांच अभी बाकी...

‘बहुरूपी-द गोल्डन डाकू’ का टीजर कुछ भी नहीं, असली रोमांच अभी बाकी : शिबोप्रसाद मुखर्जी

0
8

मुंबई, 18 अगस्त (आईएएनएस)। बंगाली सिनेमा में अपनी अलग पहचान बना चुके अभिनेता-फिल्मकार शिबोप्रसाद मुखर्जी की आगामी फिल्म ‘बहुरूपी-द गोल्डन डाकू’ का टीजर हाल ही में रिलीज किया गया और इसे दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। टीजर में शिबोप्रसाद और जीशु सेनगुप्ता के किरदारों के बीच होने वाली भिड़ंत की झलक ने फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है। फिल्म में दोनों कलाकार एक-दूसरे के आमने-सामने होंगे और कहानी का बड़ा हिस्सा इसी टकराव के इर्द-गिर्द घूमता नजर आएगा।

फिल्म में शिबोप्रसाद एक कुख्यात डाकू बिक्रम प्रमाणिक की भूमिका निभा रहे हैं, जो बदले की भावना के साथ वापसी करता है। वह कानून के बजाय अपने बनाए नियमों के हिसाब से काम करता है। दूसरी तरफ जीशु सेनगुप्ता एक ऐसे पुलिस अधिकारी की भूमिका में हैं, जो अपराधी को पकड़ने के लिए पूरी तरह दृढ़ है। दोनों किरदारों के रास्ते बिल्कुल अलग हैं और यही अंतर फिल्म के संघर्ष को खास बनाता है।

शिबोप्रसाद ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, “टीजर को दर्शकों से जिस तरह की प्रतिक्रिया मिली है, उससे पूरी टीम काफी उत्साहित है। टीजर ने दस लाख से ज्यादा व्यूज पार कर लिए हैं, लेकिन मैं कहना चाहूंगा कि ये टीजर अभी कुछ भी नहीं है, असली रोमांच अभी बाकी है, और दर्शकों को फिल्म में जिस दुनिया से रूबरू कराया जाएगा, वह उन्हें जबरदस्त रोमांच का अनुभव देगी।”

जीशु सेनगुप्ता के साथ अपने किरदार की भिड़ंत पर शिबोप्रसाद ने कहा, ”हमारे किरदारों के बीच एक विरोधी रिश्ता है। दोनों कानून के बिल्कुल अलग-अलग पक्षों पर खड़े हैं। जीशु फिल्म में एक बेखौफ और लगातार अपराधी का पीछा करने वाले पुलिस अधिकारी का किरदार निभा रहे हैं, जबकि मैं एक ऐसे कुख्यात डाकू की भूमिका में हूं, जो अपने नियमों के मुताबिक चलता है। ऐसे में हमारा आमना-सामना कहानी में तनाव और रोमांच पैदा करता है।”

‘बहुरूपी-द गोल्डन डाकू’ में बंगाल की लोक संस्कृति की भी खास झलक देखने को मिलेगी। फिल्म में मालदा के गम्भीरा लोक कलाकारों को शामिल किया गया है। उनके पारंपरिक गीत, मुखौटे और लोक प्रस्तुतियां फिल्म को एक अलग रंग देती हैं। इ

फिल्म में शिबोप्रसाद मुखर्जी, जीशु सेनगुप्ता, कौशानी मुखर्जी और सोहिनी सरकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसका निर्देशन नंदिता रॉय और शिबोप्रसाद मुखर्जी ने मिलकर किया है, जबकि फिल्म का निर्माण विंडोज प्रोडक्शन के बैनर तले हुआ है। ‘बहुरूपी-द गोल्डन डाकू’ को 2026 में दुर्गा पूजा के मौके पर रिलीज करने की तैयारी है।