Wednesday, August 19, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति एनडीए के नेताओं ने तेजस्वी के मार्च को बताया विफल, कहा-‘आरजेडी का...

एनडीए के नेताओं ने तेजस्वी के मार्च को बताया विफल, कहा-‘आरजेडी का अस्तित्व खुद खतरे में’

0
6

पटना, 19 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के लोक भवन की ओर प्रस्तावित मार्च को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। एनडीए नेताओं ने इस मार्च को लेकर आरजेडी पर निशाना साधते हुए इसे राजनीतिक रूप से बेअसर बताया। वहीं, सरकार की ओर से युवाओं, रोजगार और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर अपनी उपलब्धियां गिनाई गईं।

विधानसभा में तेजस्वी यादव के लोक भवन की ओर मार्च पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने आरजेडी के अस्तित्व पर ही सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने कहा कि आरजेडी का अस्तित्व खत्म हो चुका है और पार्टी को तभी कुछ याद आता है, जब वह ‘नींद से जागती’ है।

दिलीप जायसवाल ने आरजेडी के नेतृत्व को कमजोर बताते हुए कहा कि बिहार में कानून का राज है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपराध-मुक्त बिहार के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं और किसी भी तरह की गलती करने वाले के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी। आरजेडी के ऐसे आंदोलनों बेअसर हो गए है।

दिलीप जायसवाल ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के एक बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राहुल गांधी और राजीव गांधी के संदर्भ में खड़गे की टिप्पणी पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा अब खड़गे के बयानों को गंभीरता से नहीं लेती। जायसवाल ने आरोप लगाया कि खड़गे कई बार तथ्यों को लेकर भ्रमित करने वाली बातें करते हैं।

भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी ने तेजस्वी यादव के मार्च पर सवाल उठाते हुए पूछा कि लोक भवन तक मार्च करके वह क्या हासिल करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि जब छात्रों और युवाओं को तेजस्वी यादव की जरूरत थी, तब वह बिहार की सड़कों पर मौजूद रहने के बजाय विदेश यात्रा कर रहे थे। तिवारी ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान विपक्ष के नेता के तौर पर तेजस्वी को सदन में जनता और युवाओं के मुद्दे उठाने चाहिए थे, लेकिन उस समय भी उनके विदेश यात्रा पर रहने का आरोप लगाया।

मृत्युंजय तिवारी ने आरजेडी के राजभवन मार्च को ‘पार्टी बचाओ मार्च’ करार दिया। उन्होंने दावा किया कि मार्च में छात्र और युवा शामिल नहीं होंगे और इसे केवल उपद्रवियों का मार्च बताया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मार्च के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी होती है तो कानून अपना काम करेगा।

भाजपा नेताओं ने कहा कि एनडीए सरकार छात्रों और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए काम कर रही है और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दे रही है। इसी क्रम में बिहार सरकार में मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने रोजगार मेले का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि रोजगार और कौशल विकास विभाग बेरोजगार युवाओं को अवसर देने के लिए लगातार रोजगार मेलों का आयोजन कर रहा है। यह मेला पिछले महीने आयोजित होना था, लेकिन चुनाव के कारण नहीं हो सका। अब इसका आयोजन किया जा रहा है और यह चार दिनों तक चलेगा।