मुंबई, 19 अगस्त (आईएएनएस)। गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादी पिछले दो साल से लगातार चर्चा में रही है। दोनों के रिश्ते को लेकर कई तरह की खबरें सामने आती रही हैं। अब इस मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। सुनीता आहूजा ने अभिनेता गोविंदा के खिलाफ दायर तलाक की अर्जी वापस ले ली है। इस खबर की पुष्टि गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने की।
आईएएनएस से बातचीत में शशि सिन्हा ने बताया कि सुनीता बांद्रा स्थित फैमिली कोर्ट में पहले दायर की गई तलाक की अर्जी वापस लेने के लिए पहुंची थीं। उन्होंने कहा, ”सुनीता जी ने कोर्ट में जो अर्जी पहले दायर की थी, वह उसे वापस लेने के लिए गई थीं।”
बुधवार को सुनीता आहूजा अपने बेटे यशवर्धन आहूजा के साथ मुंबई के बांद्रा फैमिली कोर्ट पहुंचीं थी। कोर्ट से बाहर निकलते समय पैपराजी ने जब मां-बेटे से बात करने की कोशिश की, तो यशवर्धन नाराज नजर आए। उन्होंने फोटोग्राफर्स से रास्ता देने और मां को परेशान नहीं करने के लिए कहा।
कोर्ट से बाहर निकलते समय जब यशवर्धन से पूछा गया कि अंदर क्या हुआ, तो उन्होंने तेज आवाज में कहा, ”कुछ नहीं।” वहीं, जब सुनीता से इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ”बर्थडे मनाने आए थे।”
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुनीता ने दिसंबर 2024 में बांद्रा फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दायर की थी। इसके पीछे क्रूरता, व्यभिचार और साथ छोड़ने जैसे कारण बताए गए थे।
दोनों के बीच चल रही अनबन तब ज्यादा चर्चा में आई थी, जब गोविंदा को उनकी फिल्म ‘रूपा’ की को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ एयरपोर्ट पर देखा गया। इसके बाद सुनीता ने गोविंदा और कोमल की नजदीकी को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने गोविंदा के साथ नजर आ रही अभिनेत्री को लेकर भी नाराजगी जताई थी।
सुनीता ने एक बातचीत में गोविंदा को ‘शुगर डैडी’ तक कह दिया था। उन्होंने कहा था कि वह ऐसी लड़की के साथ घूम रहे हैं, जो उनकी बेटी की उम्र की है। इसके अलावा, उन्होंने कोमल के पहनावे पर भी टिप्पणी की थी और उन्हें ठीक से कपड़े पहनने की सलाह दी थी।
हालांकि, गोविंदा और कोमल के बीच किसी प्रेम संबंध की कोई पुष्टि नहीं हुई है। गोविंदा ने अपने इस रिश्ते को पूरी तरह पेशेवर बताया।
सुनीता इससे पहले भी अपनी शादीशुदा जिंदगी और गोविंदा के कथित अफेयर्स को लेकर खुलकर बात करती रही हैं। दोनों के रिश्ते में तनाव की खबरें कई बार सामने आ चुकी हैं।
गोविंदा-सुनीता ने 1987 में शादी की थी। दोनों के दो बच्चे हैं, बेटी टीना आहूजा और बेटा यशवर्धन आहूजा। टीना को नर्मदा के नाम से भी जाना जाता है। वह साल 2015 में फिल्म ‘सेकंड हैंड हसबैंड’ से बॉलीवुड में कदम रख चुकी हैं। वहीं, यशवर्धन भी अभिनय की दुनिया में कदम रखने की तैयारी कर रहे हैं।

