स्वाबी, 20 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। केपी के स्वाबी जिले में एक मकान की छत गिर गई तो कहीं बैंक की इमारत ही ढह गई। स्वाबी हादसे में मलबे के नीचे दबने से एक व्यक्ति और उसकी बेटी की मौत हो गई, जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रमुख दैनिक डॉन के मुताबिक, रेस्क्यू 1122 के अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि घटना टोपि तहसील के आजादखेल इलाके में हुई। रेस्क्यू 1122 स्वाबी के प्रवक्ता लुकमान खान के अनुसार, परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे, तभी अचानक छत भरभराकर गिर गई।
उन्होंने बताया कि छत गिरने की तेज आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू सेवा को सूचना दी। अधिकारियों के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने मलबे में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास शुरू कर दिया था।
मृतकों की पहचान 50 वर्षीय मोहम्मद फरीक और उनकी 28 वर्षीय बेटी के रूप में हुई है। हादसे में फरीक की पत्नी और उसके बेटे की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों और मृतकों के शवों को तहसील मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया गया।
रेस्क्यू 1122 के अनुसार, भारी बारिश के कारण स्वाबी में कई इमारतों के ढहने की घटनाएं सामने आई हैं। एक बैंक की इमारत भी ढह गई, हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं, जरांदू नहर इलाके से दो लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया और आजमाबाद चौकी इलाके से पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू अधिकारियों ने बताया कि मूसलाधार बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के बीच 300 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
मौसम विभाग ने खैबर पख्तूनख्वा के कई जिलों में 21 अगस्त तक भारी बारिश और कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें दिर, चित्राल, स्वात, कोहिस्तान, मलाकंद, नौशेरा, चारसद्दा, स्वाबी, शांगला, बट्टाग्राम, बुनेर, कोहाट, हंगू, कुर्रम, बाजौर, मोहम्मद, खैबर, ओरकजई, मानसेहरा, एबटाबाद, हरिपुर, पेशावर और मर्दान शामिल हैं।
मौसम विभाग ने स्वाबी के निचले इलाकों में शहरी बाढ़ की आशंका को लेकर भी चेतावनी जारी की है।

