Thursday, August 20, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय कल्याणपुरी में युवक की हत्या को लेकर ‘आप’ ने कानून व्यवस्था पर...

कल्याणपुरी में युवक की हत्या को लेकर ‘आप’ ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

0
4

नई दिल्ली, 20 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में सफाई कर्मचारी की हत्या के कुछ ही दिनों बाद 22 वर्षीय युवक जय सिंह की चाकू मारकर हत्या किए जाने को लेकर आम आदमी पार्टी ने सरकार पर निशाना साधा। पार्टी ने दिल्ली की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि राजधानी में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और पुलिस अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रही है।

आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद दिल्ली में अपराध की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अपराध रोकने के बजाय उन जनप्रतिनिधियों पर कार्रवाई करती है, जो जनता की आवाज उठाते हैं। भारद्वाज ने कहा कि कल्याणपुरी के ब्लॉक-11 में एक और युवक की चाकू मारकर हत्या होना कानून व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

कोंडली से आप विधायक कुलदीप कुमार ने बताया कि उन्होंने मृतक जय सिंह के परिवार से मुलाकात की और उनके दुख में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जय सिंह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता नहीं हैं और परिवार में उसकी मां तथा छोटा बच्चा है। विधायक ने सरकार से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

कुलदीप कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अगले दिन 16 अगस्त को कल्याणपुरी में सफाई कर्मचारी अनिल की हत्या की घटना सामने आई थी। इसके कुछ ही दिनों बाद उसी इलाके में जय सिंह की हत्या कर दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर राजधानी में लगातार हत्या जैसी घटनाएं क्यों हो रही हैं और क्या दिल्ली अब आम लोगों के लिए सुरक्षित रह गई है? आप विधायक ने इलाके में कथित तौर पर खुलेआम बिक रहे अवैध नशे को भी अपराध की बढ़ती घटनाओं से जोड़ते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।

उनका आरोप है कि कल्याणपुरी की झुग्गियों और बस्तियों में ड्रग्स, गांजा और नशीले इंजेक्शन की बिक्री की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई तो युवाओं के बीच अपराध और हिंसा की घटनाएं बढ़ सकती हैं। कुलदीप कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि जय सिंह के परिवार की इच्छा के बावजूद पुलिस ने पोस्टमार्टम को लेकर दबाव बनाया।

उन्होंने कहा कि मृतक के परिवार ने पुलिस पर जबरन पोस्टमार्टम कराने का आरोप लगाया है। आप विधायक ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर कल्याणपुरी क्षेत्र में खुलेआम हो रहे कथित अवैध नशे के कारोबार पर कार्रवाई नहीं हुई तो आम आदमी पार्टी कल्याणपुरी थाने का घेराव करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर मुलाकात का समय भी मांगेगी। पार्टी के विधायकों का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस कमिश्नर से मिलकर दिल्ली के विभिन्न इलाकों में अपराध और नशे से जुड़ी समस्याओं को उनके सामने रखेगा।

सौरभ भारद्वाज और कुलदीप कुमार ने दिल्ली सरकार पर कानून व्यवस्था के मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राजधानी में हत्या, अपहरण और अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर लोगों में भय का माहौल है। आप नेताओं ने सरकार से पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने, अवैध नशे के कारोबार पर कार्रवाई करने और कल्याणपुरी के पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता देने की मांग की है।