Thursday, August 20, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth एनआईटी-दिल्ली में प्रोजेक्ट एसोसिएट सहित कई पदों पर नियुक्ति का सुनहरा अवसर,...

एनआईटी-दिल्ली में प्रोजेक्ट एसोसिएट सहित कई पदों पर नियुक्ति का सुनहरा अवसर, 3 सितंबर को वॉक-इन इंटरव्यू

0
6

नई दिल्ली, 20 अगस्त (आईएएनएस)। युवाओं का सपना होता है कि वे नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) में नौकरी करें। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके लिए एनआईटी-दिल्ली ने प्रोजेक्ट एसोसिएट सहित विभिन्न 8 खाली पदों पर नियुक्ति के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है।

एनआईटी-दिल्ली की ओर से जारी रिक्तियों में प्रोजेक्ट एसोसिएट (सिविल) के 3, प्रोजेक्ट एसोसिएट (इलेक्ट्रिकल) का 1, जूनियर प्रोजेक्ट टेक्निकल असिस्टेंट का 1, प्रोजेक्ट अटेंडेंट के 2 और प्रोजेक्ट कंसल्टेंट (सिविल) का 1 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 32,800 से 55,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पोस्ट के अनुसार, प्रोजेक्ट एसोसिएट पद के लिए बीटेक (सिविल/इलेक्ट्रिकल) के साथ 2 वर्ष का अनुभव या डिप्लोमा (सिविल/इलेक्ट्रिकल) के साथ 4 वर्ष का अनुभव; जूनियर प्रोजेक्ट टेक्निकल असिस्टेंट के लिए डिप्लोमा या उससे ऊपर (सिविल) या समकक्ष के साथ 2 वर्ष का अनुभव; प्रोजेक्ट अटेंडेंट के लिए 10वीं पास और कंप्यूटर के काम/रिपोर्ट तैयार करने आदि में 10 वर्षों का अनुभव; प्रोजेक्ट कंसल्टेंट (सिविल) के लिए एमटेक (सिविल) के साथ 4 वर्ष का अनुभव या बीटेक (सिविल) के साथ 6 वर्ष का अनुभव होना चाहिए।

आवेदकों की अधिकतम आयु 65 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना इंटरव्यू की तारीख के आधार पर की जाएगी। वॉक-इन इंटरव्यू 3 सितंबर को दोपहर 1:30 बजे से ‘सिविल इंजीनियरिंग विभाग, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी दिल्ली’ पते पर आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर पहुंचने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी के साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी एवं पासपोर्ट आकार फोटो को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।

आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एनआईटी-दिल्ली की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से इंटरव्यू के दिन केंद्र पर ले जाएं।