सोल, 21 अगस्त (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया और अमेरिका का प्रमुख संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘उल्ची फ्रीडम शील्ड’ (यूएफएस) शुक्रवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम से करीब सप्ताह भर पहले समाप्त हो रहा है। हाल ही में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इन अभ्यासों को बड़े पैमाने पर कम करने का आदेश दिया था।
ट्रंप ने सैन्य अभ्यासों में कटौती का निर्देश देते हुए कहा था कि ऐसे अभ्यास उत्तर कोरिया को “अनुचित” संदेश भेज सकते हैं। उन्होंने अभ्यासों की लागत और उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन के साथ अपने अच्छे संबंधों का भी हवाला दिया था। हालांकि इस बदले हुए रवैए का नॉर्थ कोरिया पर कोई खास असर पड़ता नहीं दिखा। दक्षिण कोरिया के अनुसार उसने गुरुवार को बैलिस्टिक मिसाइल दागीं। सोल के इस दावे कि फिलहाल प्योंगयांग ने पुष्टि नहीं की है।
युद्धाभ्यास की बात करें तो योनहाप न्यूज एजेंसी के अनुसार, यूएफएस को पहले 11 दिनों तक चलना था, लेकिन अब इसे घटाकर पांच दिन कर दिया गया है। हालांकि, मैदान में होने वाले कुछ अभ्यास 28 अगस्त तक जारी रहेंगे। दक्षिण कोरियाई ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ (जेसीएस) के अनुसार, प्रस्तावित 14 बड़े फील्ड अभ्यासों में से सात जारी रहेंगे, जबकि बाकी सात को अमेरिका के साथ बातचीत के बाद फिर से निर्धारित किया जाएगा।
इस साल अभ्यास में मुख्य जोर रक्षात्मक अभियानों पर रहा। आमतौर पर दूसरे सप्ताह में होने वाले जवाबी हमले से जुड़े अभ्यास रद्द कर दिए गए हैं। दोनों देशों का यह संयुक्त प्रशिक्षण उत्तर कोरिया के संभावित सैन्य संकट से निपटने की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है।
ट्रंप का यह कदम उत्तर कोरिया के साथ बातचीत का रास्ता फिर खोलने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने हाल में कहा था कि उन्हें इस साल किम जोंग-उन से मुलाकात की उम्मीद है। दूसरी ओर, उत्तर कोरिया ने सैन्य अभ्यासों में कटौती को खारिज करते हुए कहा है कि इससे अभ्यास की कथित आक्रामक प्रकृति में कोई बदलाव नहीं आता।

