मुंबई, 21 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के दो पद गाए जाने के फैसले को लेकर भाजपा विधायक संजय उपाध्याय कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि क्या कांग्रेस अब मुस्लिम लीग का विकल्प बन गई है?
‘वंदे मातरम’ पर सीडब्ल्यूसी के फैसले पर भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, “जब स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत का राष्ट्रगीत बज रहा था, तो कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने एक कांग्रेस कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम’ को बीच में ही रोकने की कोशिश की। राहुल गांधी भी असहज दिखे, और उसके बाद कांग्रेस ने एक प्रस्ताव पास किया कि उसके कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम’ के सिर्फ दो ही पद गाए जाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि इससे पहले, 1937 में मुस्लिम लीग की आपत्तियों के बाद कांग्रेस ने पूरे ‘वंदे मातरम’ से दूरी बना ली थी, और उसी वजह से देश का बंटवारा हुआ, पाकिस्तान बना और बांग्लादेश बना। जब देश की संसद ‘वंदे मातरम’ को राष्ट्रगीत के तौर पर स्वीकार करती है और संसद पूरे ‘वंदे मातरम’ को गाने को मंजूरी देती है, तब भी अगर कांग्रेस उस पर आपत्ति जताती है, तो क्या कांग्रेस अब मुस्लिम लीग का विकल्प बन गई है?
भाजपा नेता ने पुणे के एक कार्यक्रम में स्वराज को गलत तरीके से परिभाषित करने पर राहुल गांधी की आलोचना की।
इसी बीच, वंदे मातरम पर आईएसएफ विधायक नौशाद सिद्दीकी ने कहा कि हम सभी राष्ट्र गीत का सम्मान करते हैं। हमारे देश में हर धर्म और जाति के लोगों का रहना होता है। यहां पर सबसे ज्यादा आबादी वाले समुदाय को यह देखना चाहिए कि वो इस तरह का काम करें कि दूसरे कम आबादी वाले समुदाय पर कोई असर न पड़े।

