Saturday, August 22, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल देवदत्त पड्डिकल ने तीसरे नंबर के लिए अपनी दावेदारी मजबूत कर दी...

देवदत्त पड्डिकल ने तीसरे नंबर के लिए अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है: मोहम्मद कैफ

0
8

नई दिल्ली, 22 अगस्त (आईएएनएस)। भारत और श्रीलंका के बीच रविवार से कोलंबो में टेस्ट सीरीज के दूसरे और आखिरी मैच की शुरुआत हो रही है। पहला टेस्ट जीत सीरीज में 1-0 से आगे चल रही टीम इंडिया की कोशिश दूसरा टेस्ट जीत क्लीन स्वीप करने की होगी। वहीं, श्रीलंका जीत दर्ज कर सीरीज में बराबरी की कोशिश करेगी।

पहले टेस्ट में भारत की तरफ से तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पड्डिकल ने पहली पारी में शतक लगाया था। पड्डिकल ने 167 रन की पारी खेली थी, जो भारत के लिए निर्णायक साबित हुई। पड्डिकल ने दूसरी पारी में भी 44 रन बनाए थे और भारत की 165 रन की जीत के बाद उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।

भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज और अपने क्षेत्ररक्षण के लिए मशहूर रहे मोहम्मद कैफ का मानना है कि शतकीय पारी के बाद टेस्ट में तीसरे नंबर के बल्लेबाज के रूप में देवदत्त पड्डिकल का पलड़ा भारी हो गया है।

कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “साई सुदर्शन को मौका दिया गया और उन्होंने हर तीसरी या चौथी पारी में अर्धशतक लगाया। लेकिन दूसरा खिलाड़ी (पड्डिकल) 160 रन बना रहा है और मैन ऑफ द मैच बन रहा है। इसलिए, एक हर तीसरी पारी में 50 रन बनाता है, और दूसरा असरदार पारी खेलता है। शुभमन गिल की कप्तानी में मदद करने वाले और भारत की डब्ल्यूटीसी उम्मीदों को जिंदा रखने वाले खिलाड़ी की अहमियत ज्यादा मायने रखेगी। पड्डिकल ने अपनी दावेदारी मजबूती से पेश की है।”

चेतेश्वर पुजारा के संन्यास के बाद भारतीय टीम टेस्ट में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए बेहतर विकल्प की तलाश में है। साई सुदर्शन और देवदत्त पड्डिकल इस जगह को भरने के लिए काफी आगे नजर आ रहे हैं। पड्डिकल के कोलंबो में होने वाले दूसरे टेस्ट के प्रदर्शन पर उनके आगे का भविष्य निर्भर करेगा।