Saturday, August 22, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय ‘सेवा में मेरा योगदान’ और ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ से युवाओं को सेवा,...

‘सेवा में मेरा योगदान’ और ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ से युवाओं को सेवा, रचनात्मकता और नवाचार से जोड़ा जाएगा: विनोद तावड़े

0
6

नई दिल्ली, 22 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने शनिवार को मीडिया को संबोधित किया और कहा कि भाजपा की नई टीम के गठन के बाद आयोजित राष्ट्रीय पदाधिकारियों की पहली बैठक तथा ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर आयोजित कार्यशाला की प्रमुख जानकारियां साझा की।

तावड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के सेवा भाव को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा, जिसके तहत विभिन्न सेवा गतिविधियों, लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा युवाओं को सेवा और नवाचार से जोड़ने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

विनोद तावड़े ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की नई टीम के गठन के बाद आज राष्ट्रीय पदाधिकारियों की पहली बैठक संपन्न हुई। इसके पश्चात सभी प्रदेशों के अध्यक्षों, संगठन महामंत्रियों और ‘सेवा संकल्प अभियान’ के लिए प्रत्येक प्रदेश से चयनित सात-आठ कार्यकर्ताओं की टीम की कार्यशाला भी आयोजित की गई। पार्टी इस अभियान को देशभर में प्रभावी ढंग से बूथ स्तर तक पहुंचाने के लिए व्यापक तैयारी कर रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रत्येक वर्ष 17 सितंबर को यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित करती है। प्रधानमंत्री मोदी का व्यक्तित्व निरंतर सेवा भाव से जुड़ा हुआ है, इसलिए पार्टी पिछले कई वर्षों से उनके जन्मदिवस के अवसर पर सेवा गतिविधियां आयोजित करती आ रही है। इस वर्ष एक विशेष संयोग है कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और आगामी 7 अक्टूबर को उनके सार्वजनिक जीवन के इस महत्वपूर्ण पड़ाव को 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसी के मद्देनजर भाजपा ने पूरे देश में एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने का निर्णय लिया है।

तावड़े ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा भाव को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के अंतर्गत आंगनबाड़ी में कार्यरत माताओं-बहनों का सम्मान किया जाएगा और उनके साथ ‘मातृ संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकार द्वारा योजनाएं बनाई जाती हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर बच्चों के पोषण और देखभाल में आंगनबाड़ी सेविकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। देशभर की 14 लाख से अधिक आंगनबाड़ियों तक भाजपा के कार्यकर्ता पहुंचेंगे और सेवा भाव से कार्य कर रही आंगनबाड़ी सेविकाओं का सम्मान करेंगे।

विनोद तावड़े ने कहा कि ‘सेवा में मेरा योगदान’ नाम से एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से विशेषकर युवाओं और आम नागरिकों से अपील की जाएगी कि वे अभियान के दौरान किए गए सेवा कार्यों की रील्स बनाएं और उन्हें दूसरों के लिए प्रेरणा का माध्यम बनाएं। स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण अथवा टीबी उन्मूलन अभियान के अंतर्गत टीबी मरीजों की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने जैसे सेवा कार्यों को रचनात्मक माध्यम से सामने लाया जाएगा। युवाओं द्वारा बनाई गई इन रील्स को जिला और प्रदेश स्तर पर प्रसारित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग सेवा कार्यों के लिए प्रेरित हों।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि ‘सेवा सेतु अभियान’ के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ कोई पात्र व्यक्ति छूटने के कारण न रह जाए। इसके लिए ब्लॉक स्तर पर 15 दिनों तक संबंधित विभागों के शिविर लगाए जाएंगे। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम आयुष्मान भारत या प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं में छूट गया है, तो वह इन शिविरों में पहुंचकर आवश्यक फॉर्म भर सकेगा और स्वयं को संबंधित योजना से जोड़ सकेगा। इस प्रकार ‘सेवा सेतु अभियान’ सरकार की योजनाओं और उनके वास्तविक लाभार्थियों के बीच एक प्रभावी सेतु का कार्य करेगा।

उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा और उनकी नवाचार क्षमता को प्रोत्साहित करने के लिए ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ भी आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत युवाओं को उनके स्थानीय क्षेत्रों की समस्याओं से अवगत कराया जाएगा और रिसर्च तथा इनोवेशन के माध्यम से उनके समाधान प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा। यह प्रतियोगिता ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर पर आयोजित की जाएगी, जिससे स्थानीय समस्याओं के स्थानीय स्तर पर रचनात्मक और नवोन्मेषी समाधान सामने आ सकें।

तावड़े ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला आज संपन्न हो गई है। आगामी 31 अगस्त तक प्रदेश स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, और इसके बाद अगले पांच से सात दिनों में जिला तथा ब्लॉक स्तर पर कार्यशालाएं पूरी की जाएंगी। ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से प्रारंभ होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता इस अभियान को देशभर में बूथ स्तर तक सफलतापूर्वक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को सेवा गतिविधियों से जोड़ने का कार्य करेंगे।