साउथ मैके, 23 अगस्त (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया ने डार्विन में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट में बांग्लादेश से मिली हार का बदला ले लिया है। साउथ मैके में खेले गए सीरीज के दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को दूसरे ही दिन पारी और 51 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज 1-1 से बराबर कर दी।
दूसरे दिन (रविवार) के खेल की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट पर 165 रन से शुरू की। ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 210 रन पर सिमटी। कैमरन ग्रीन ने 67, स्टीव स्मिथ ने 42 और नाथन लियोन ने 32 रन बनाए। पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश पर 146 रन की बढ़त बनाई।
बांग्लादेश के लिए शोरिफुल इस्लाम ने 7 विकेट लिए थे।
बांग्लादेश दूसरी पारी में भी ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजी आक्रमण का सामना नहीं कर सकी और 38.3 ओवर में 95 रन पर सिमट गई। बांग्लादेश की दूसरी पारी दूसरे दिन के तीसरे सेशन की तीसरी गेंद पर सिमटी। बांग्लादेश के लिए कप्तान नजमुल होसेन शांतो ने सर्वाधिक 31 रन बनाए। मुशफिकुर रहमान 29 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दो अंकों में प्रवेश नहीं कर सका।
ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्क ने 4, जबकि पैट कमिंस और नाथन लियोन ने 3-3 विकेट लिए।
बांग्लादेश लगातार दूसरी पारी में 100 का आंकड़ा पारी नहीं कर सकी और इसी निराशाजनक बल्लेबाजी के कारण टीम को दूसरे दिन के तीसरे सेशन के पहले ही ओवर में पारी और 51 रन से हार का सामना करना पड़ा।
इससे पहले बांग्लादेश पहली पारी 64 रन पर सिमट गई थी। मिचेल स्टार्क ने 6 विकेट चटकाए थे।
डार्विन टेस्ट में मिली हार ऑस्ट्रेलिया को अपने घर में बांग्लादेश से मिली पहली हार थी। इस हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम को आलोचना झेलनी पड़ी थी। डार्विन टेस्ट 9 विकेट से गंवाने वाली ऑस्ट्रेलिया ने साउथ मैके में जोरदार और खतरनाक वापसी की और बांग्लादेश को संभलने का मौका नहीं दिया। सीरीज 1-1 से बराबर रही।
मिचेल स्टार्क प्लेयर ऑफ मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे। स्टार्क इस मैच में 10 विकेट लिए, जबकि पहले टेस्ट में 2 विकेट लिए थे।

