Sunday, August 23, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति ‘देश का युवा भाजपा के खिलाफ, कमेटी बनाकर खुश करने की कोशिश’,...

‘देश का युवा भाजपा के खिलाफ, कमेटी बनाकर खुश करने की कोशिश’, नितिन नवीन की आउटरीच कमेटी पर विपक्ष का हमला

0
6

नई दिल्ली, 23 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के जेन-जी तक अपनी पकड़ और संवाद मजबूत करने के लिए एक विशेष आउटरीच कमेटी बनाने पर विपक्षी दलों ने जवाब दिया है। विपक्षी सदस्यों ने कहा कि भाजपा को समझ आ चुका है कि युवा उसके खिलाफ हैं। इसलिए वे युवाओं को खुश करना चाहते हैं।

राजद सांसद मनोज कुमार झा ने कहा, “कई कमेटियां बनाई गई हैं। प्रधानमंत्री ने शुरू-शुरू में ग्राम आदर्श योजना शुरू की थी। आज वो योजना कहां है?”

उन्होंने कहा, “कमेटियां बनाना बहुत आसान है। लोक प्रशासन में एक कहावत है कि कमेटियां बनाना ही यह बताता है कि आप मामले को टालने की कोशिश कर रहे हैं। युवाओं का मैसेज समझें। वे एक बेहतर एजुकेशन सिस्टम और आर्किटेक्चर चाहते हैं। उन्हें एक ठोस ब्लूप्रिंट और नौकरी का भरोसा चाहिए। ये दोनों भाजपा की कमेटी के प्रभाव क्षेत्र में नहीं हैं।”

डीएमके के प्रवक्ता टीकेएस एलंगोवन ने कहा, “वे समझ गए हैं कि युवा उनके खिलाफ हैं। सीजेपी आंदोलन और अलग-अलग युवा आंदोलनों ने उन्हें समझा दिया है कि युवा उनके खिलाफ हैं। क्योंकि उन्हें लगता है कि वे युवाओं को इकट्ठा कर सकते हैं, लेकिन युवा नीट जैसे कुछ जरूरी मुद्दे उठाते हैं। वे सभी चीजें इस सरकार के खिलाफ जाएंगी। वे समझ गए हैं कि अगली बार वे जीत नहीं सकते। इसीलिए वे किसी तरह युवाओं को खुश करना चाहते हैं। इसलिए वे सभी चीजें कर रहे हैं।”

तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय ने कहा, “वह अपनी पार्टी की तरफ से कुछ भी कर सकते हैं, लेकिन इससे कोई फर्क नहीं होगा। जेन-जी को भाजपा पर कोई भरोसा नहीं है।”

बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में ‘वंदे मातरम’ के गायन और अन्य विषयों पर प्रस्ताव पारित किए गए। साथ ही, जानकारी सामने आई कि भाजपा ने ‘जेन-जी’ के लिए विशेष आउटरीच कमेटी बनाई है। इसका मकसद देशभर के युवाओं के साथ जुड़ाव को मजबूत करना है।