Sunday, August 23, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति अमित साटम ने बीएमसी स्कूलों के मेधावी छात्रों को इसरो, सिंगापुर, जापान...

अमित साटम ने बीएमसी स्कूलों के मेधावी छात्रों को इसरो, सिंगापुर, जापान भेजने की उठाई मांग, बीएमसी प्रमुख को लिखा पत्र

0
7

मुंबई, 23 अगस्त (आईएएनएस)। मुंबई भाजपा अध्यक्ष और विधायक अमित साटम ने बीएमसी स्कूलों के होनहार छात्रों के लिए एक बड़ी मांग की है। उन्होंने बीएमसी नगर आयुक्त अश्विनी भिड़े और मेयर रितु तावड़े को पत्र लिखकर कहा है कि मेधावी छात्रों को एसटीईएम (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी एवं गणित) की बेहतर जानकारी के लिए इसरो, सिंगापुर और जापान के स्टडी टूर पर भेजा जाए।

अमित साटम ने पत्र में कहा कि बीएमसी के मेधावी छात्रों की एसटीईएम (साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथमेटिक्स) में स्किल्स बढ़ाने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए।

अमित साटम ने प्रस्ताव दिया है कि कक्षा 8 और 9 के 50-50 मेधावी छात्रों को स्टडी ट्रिप पर भेजा जाए। कक्षा 8 के 50 छात्रों को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और कक्षा 9 के 50 छात्रों को सिंगापुर या जापान भेजा जाए।

मेयर रितु तावड़े और बीएमसी नगर आयुक्त अश्विनी भिड़े को लिखे पत्र में अमित साटम ने नगर निगम की जुहू में एआई और रोबोटिक्स लैब से लैस अपने पहले स्कूल का उद्घाटन करने की योजना का जिक्र किया।

अमित साटम ने कहा, “मैं प्रस्ताव देना चाहता हूं कि बीएमसी कक्षा 8 और 9 के 50-50 मेधावी छात्रों का चयन करे और उनके लिए क्रमशः इसरो और सिंगापुर या जापान के स्टडी टूर की व्यवस्था करे। उनकी एसटीईएम में स्किल्स बढ़ाने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की जानी चाहिए ताकि हम अपने प्रतिभाशाली छात्रों को सबसे अच्छा एक्सपोजर दे सकें।”

उन्होंने यह भी बताया कि ‘टीच मुंबई’ मद के तहत बजटीय प्रावधान किया गया है, जिसका उपयोग प्रस्तावित स्टडी टूर के लिए किया जा सकता है। यह पहल बीएमसी स्कूलों के छात्रों को विज्ञान और तकनीक की दुनिया से जोड़ने में एक बड़ा कदम साबित हो सकती है।