Sunday, August 23, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय एक महीने बाद फिर शुरू हुआ हंगरी का पाक्स न्यूक्लियर प्लांट, नदी...

एक महीने बाद फिर शुरू हुआ हंगरी का पाक्स न्यूक्लियर प्लांट, नदी का जलस्‍तर सुधरने से चालू हुआ टरबाइन

0
6

बुडापेस्ट, 23 अगस्त (आईएएनएस)। हंगरी के प्रधानमंत्री पीटर मैग्यार ने कहा है कि पाक्स परमाणु ऊर्जा संयंत्र की यूनिट-3 का टरबाइन 6 दोबारा चालू कर दिया गया है। यह संभव हो सका क्योंकि आपातकालीन निर्माण कार्यों और डेन्यूब नदी में जलस्तर बढ़ने से रिएक्टर को ठंडा रखने की स्थिति में सुधार हुआ है।

यूनिट-3 का टरबाइन 6 इस महीने की शुरुआत में बंद कर दिया गया था। उस समय डेन्यूब नदी का जलस्तर रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया था, जिससे संयंत्र को ठंडा करने के ल‍िए नदी से पर्याप्त मात्रा में पानी लेना मुश्किल हो गया था।

बुडापेस्ट से लगभग 100 किलोमीटर दक्षिण में स्थित पाक्स परमाणु ऊर्जा संयंत्र में चार वीवीईआर-440 रिएक्टर यूनिट और कुल आठ टरबाइन हैं। यह संयंत्र सामान्य तौर पर हंगरी की कुल बिजली जरूरत का लगभग आधा हिस्सा पूरा करता है। इसके सभी चार रिएक्टरों को ठंडा रखने के लिए डेन्यूब नदी के पानी पर निर्भर रहना पड़ता है।

जुलाई के अंत में नदी का जलस्तर बहुत कम हो जाने के कारण संयंत्र को बिजली उत्पादन में भारी कटौती करनी पड़ी थी। संकट के सबसे कठिन दौर में केवल एक टरबाइन ही चालू था। बाद में हालात कुछ बेहतर होने पर 10 अगस्त को दूसरा टरबाइन भी दोबारा शुरू किया गया।

शनिवार शाम संयंत्र से किए गए एक लाइव प्रसारण के दौरान मैग्यार ने कहा, “अगर सब कुछ योजना के अनुसार चलता है, तो बुधवार तक परमाणु ऊर्जा संयंत्र अपनी 2,000 मेगावाट की पूरी क्षमता पर पहुंच जाएगा। पहले टरबाइन के बंद होने के लगभग एक महीने बाद सभी आठों टरबाइन फिर से चालू हो जाएंगे।”

पिछले सप्ताह सरकार ने संयंत्र के लिए ठंडा करने वाले पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कई आपातकालीन कदम उठाए थे। इन उपायों में पाक्स और डुनास्जेटबेनेडेक के बीच डेन्यूब नदी पर एक डूबा हुआ बांध (वियर) बनाना और नदी के एक हिस्से में 80-मीटर के दो बजरे (बड़ी नाव) को नियंत्रित तरीके से डुबोना शामिल था।

मैग्यार ने कहा कि आंशिक रूप से बने बांध और दो बजरे ने प्लांट के पास जलस्तर को लगभग 15 सेंटीमीटर बढ़ा दिया है। इससे डेन्यूब में जलस्तर बहुत कम होने के बावजूद उस समय चल रही दो टरबाइन को चालू रखने में मदद मिली।