Sunday, August 23, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन ‘सिचुएशनशिप’ प्यार नहीं, बस टाइम पास है, मैं इन चीजों में विश्वास...

‘सिचुएशनशिप’ प्यार नहीं, बस टाइम पास है, मैं इन चीजों में विश्वास नहीं करता : प्रतीक सहजपाल

0
11

मुंबई, 23 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेता और ‘बिग बॉस 15’ के रनर-अप प्रतीक सहजपाल ने आज के दौर में बदलते रिश्तों और प्यार की परिभाषा को लेकर खुलकर अपनी राय रखी है। अभिनेता ने कहा कि वह ‘सिचुएशनशिप’ जैसे रिश्तों को प्यार नहीं मानते। उनके मुताबिक, आज की पीढ़ी रिश्तों को लेकर पहले से ज्यादा खुलकर सोचती है और लोग अपनी पसंद के हिसाब से रिश्ते बना रहे हैं लेकिन वह खुद इस तरह के रिश्तों में विश्वास नहीं रखते।

आईएएनएस ने जब प्रतीक सहजपाल से मॉडर्न रिश्तों में आ रहे बदलावों के बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा कि वह ‘सिचुएशनशिप’ शब्द को ही रिश्तों के लिए सही नहीं मानते। अगर किसी रिश्ते में प्यार है, तो उसे सिर्फ एक अस्थायी साथ या बिना नाम वाले रिश्ते के रूप में नहीं देखा जा सकता।

प्रतीक ने कहा, ”ईमानदारी से कहूं तो जब मॉडर्न रिश्तों की बात आती है तो मैं ‘सिचुएशनशिप’ भी नहीं कह सकता। मुझे लगता है कि ये बहुत बड़ी-बड़ी बातें हैं। इसमें प्यार जैसा कुछ नहीं है। इसे प्यार नहीं कह सकते। यह सिर्फ टाइम पास है। आज कई लोग इस तरह के रिश्तों में सहज हैं, जहां वे एक व्यक्ति के साथ आज रहते हैं और अगले दिन किसी और के साथ आगे बढ़ जाते हैं। मैं इसे गलत नहीं कह रहा हूं। बस मेरे मुताबिक, यह आज की पीढ़ी की सोच और बदलती जिंदगी का हिस्सा है और हर व्यक्ति अपनी पसंद के हिसाब से जीने के लिए स्वतंत्र है।”

प्रतीक ने पुराने समय का उदाहरण देते हुए कहा, ”शुरुआत में ग्रुप मैरिज जैसा कॉन्सेप्ट होता है और बाद में यह अलग रूप में आगे बढ़ता है। समाज में रिश्तों को लेकर सोच हमेशा बदलती रही है और इसमें उन्हें कोई परेशानी नहीं है। लेकिन मैं ऐसा नहीं हूं। मैं इन सब चीजों में विश्वास नहीं करता।”

अपने नए शो ‘दिल से दीवानगी तक’ के बारे में बात करते हुए प्रतीक ने कहा, ”शो में रिश्तों को कुछ अलग तरीके से दिखाया गया है। मैं शिवाय नाम का किरदार निभा रहा हूं, जो अपनी भावनाओं को लेकर थोड़ा उलझा हुआ है। उसके अंदर प्यार है, लेकिन वह अपनी भावनाओं को समझने और उनके साथ आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा है। शो में भले ही मेरा किरदार भावनात्मक रूप से उलझा हुआ नजर आए, लेकिन उसकी आंखों में यह साफ दिखाई देगा कि वह वास्तव में किससे प्यार करता है।”

प्रतीक ने प्यार को लेकर अपनी निजी सोच भी साझा की। उन्होंने कहा, “प्यार का मतलब यह जरूरी नहीं है कि मेरे सामने कोई लड़की हो और मैं लड़का हूं, तो मैं कहूं कि मैं उस लड़की से प्यार करूंगा। मैं इस पौधे से भी प्यार कर सकता हूं। मैं आपसे भी प्यार कर सकता हूं। मुझे यह कैमरा भी बहुत पसंद है और मैं इससे भी बहुत प्यार करता हूं।”