Monday, August 24, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति अमरावती अग्निकांड: सीएम फडणवीस ने दिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश, पीड़ित...

अमरावती अग्निकांड: सीएम फडणवीस ने दिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश, पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा

0
6

मुंबई, 24 अगस्त (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अमरावती के जिला महिला अस्पताल में आग लगने से तीन नवजातों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही, सीएम फडणवीस ने पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “अमरावती के जिला महिला अस्पताल में कल रात लगी आग में तीन बच्चों की मौत की घटना बेहद दुखद और हृदयविदारक है। हम उनके परिवारों के दुख में शामिल हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश स्वास्थ्य प्रशासन को दिए गए हैं। इस घटना के दोषियों पर कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री और सचिव दोनों को आज ही अमरावती का दौरा करने के लिए कहा गया है।

साथ ही, मुख्यमंत्री फडणवीस ने पोस्ट में लिखा, “मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। घायल बच्चों का इलाज सरकारी खर्च पर करने के निर्देश भी अमरावती जिलाधिकारी को दिए गए हैं। सौभाग्य से इस घटना में 36 बच्चों को सुरक्षित बचाने में सफलता मिली है।”

उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने भी इस घटना पर संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “अमरावती के जिला महिला अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई में तड़के लगी आग में नवजात शिशुओं की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु की घटना बेहद पीड़ादायक है। इस हादसे में अपने मासूम बच्चों को खोने वाले परिवारों के दुख में मैं शामिल हूं। इस दुखद घड़ी में उनके परिवारों को यह दुख सहने की शक्ति मिले। घायल बच्चों के स्वास्थ्य में जल्द सुधार हो, यही प्रार्थना है।”

भाजपा नेता और पूर्व सांसद नवनीत राणा ने आग लगने की घटना में तीन नवजात शिशुओं की मौत के बाद अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने कहा, “अगर आग लगती भी है, तो उससे निपटने के लिए व्यवस्था होती हैं। स्प्रिंकलर तुरंत चालू होना चाहिए था। वेंटिलेटर विस्फोट कैसे हुआ? जांच के अगर कोई दोषी पाया जाता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। ​​मुआवजे की सरकार से मांग करेंगे। लेकिन जो जानें गई हैं, उनकी कोई कीमत नहीं लगाई जा सकती।”