Monday, August 24, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल ‘इन खिलाड़ियों से मिलना प्रेरणादायक था’, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने भारत...

‘इन खिलाड़ियों से मिलना प्रेरणादायक था’, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने भारत के दिव्यांग क्रिकेटरों को सराहा

0
9

नई दिल्ली, 24 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) सचिव देवजीत सैकिया ने सोमवार को भारत की मिक्स्ड डिसेबिलिटी पुरुष क्रिकेट टीम और ‘डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया’ (डीसीसीआई) के पदाधिकारियों से मुलाकात के बाद, इंग्लैंड के सफल दौरे से लौटने पर भारतीय दिव्यांग क्रिकेटरों के जज्बे और उपलब्धियों की तारीफी की। इस मुलाकात में बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल थे।

शाह और बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास के साथ टीम से मिलने वाले सैकिया ने कहा कि खिलाड़ियों के साथ बातचीत एक प्रेरणादायक अनुभव था और उन्होंने देश का मान बढ़ाने के लिए उनकी कोशिशों की सराहना की। देवजीत सैकिया ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “रविवार को नई दिल्ली में यूनाइटेड किंगडम के हालिया दौरे के बाद भारत के दिव्यांग क्रिकेटरों और डीसीसीआई के पदाधिकारियों से मिलने और उन्हें बधाई देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीसीसीआई अध्यक्ष श्री मिथुन मन्हास के साथ शामिल होना सौभाग्य की बात थी। इन शानदार खिलाड़ियों से बातचीत करना वाकई प्रेरणादायक था, जिनके जज्बे और जुनून ने देश का मान बढ़ाया है। मैं उनके और भी सफल होने की कामना करता हूं।”

यह मुलाकात भारत-इंग्लैंड मेंस मिक्स्ड डिसेबिलिटी टी20 इंटरनेशनल सीरीज 2026 में भारत के यादगार प्रदर्शन के बाद हुई, जिसमें भारतीय टीम ने इंग्लैंड को कड़ी टक्कर दी। हालांकि, भारतीय टीम को 3-4 से सीरीज गंवानी पड़ी। 5 अगस्त को इंग्लैंड द्वारा पहला टी20 इंटरनेशनल मैच 29 रनों से जीतने के बाद भारत को शुरुआती झटके का सामना करना पड़ा था। हालांकि, भारतीय टीम ने दो दिन बाद जबरदस्त वापसी की और दूसरे टी20 में 6 रनों से जीत हासिल की, और फिर 9 अगस्त को इंग्लैंड को 8 रनों से हराया।

इंग्लैंड ने 12 अगस्त को भारत के 117 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दो रनों से जीत हासिल कर सीरीज बराबर की। इसके बाद इंग्लैंड ने 15 अगस्त को पांचवें टी20 में 54 और छठे टी20 में भारत को 18 रनों से हराया। हालांकि, 19 अगस्त को सातवें और आखिरी टी20 में भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लॉर्ड्स में इंग्लैंड को 118 रनों से हराया। भारतीय खिलाड़ी लॉर्ड्स की बालकनी में टी-शर्ट उतराकर जश्न मनाते हुए भी नजर आए थे।