लखनऊ, 25 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव के बयान सहित कई मामलों पर प्रतिक्रिया दी है।
आईएएनएस से बातचीत करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा, “समाजवादी पार्टी को इस जन्म में तैयारी बंद कर देनी चाहिए; उसको अगले जन्म में लड़ाई की बात करनी चाहिए। असदुद्दीन ओवैसी खुद ही सपा की हवा निकाल दे रहे हैं। अखिलेश यादव के बयान का कोई मतलब नहीं है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा, “मुख्यमंत्री ने सही कहा है। राहुल गांधी के बयान दो तरह के होते हैं। एक तरफ, जब वह भारत में रहते हैं तो भारत को ही कटघरे में खड़ा करते हैं, और दूसरी तरफ, जब वह चुनाव आयोग के जरिए चुनाव जीतते हैं तो चुनाव आयोग को ही कटघरे में खड़ा करते हैं।”
ओम प्रकाश राजभर ने कहा, “सरकार का विरोध करना विपक्ष का काम ही होता है। जब बारिश का सीजन आता है तो सब्जी महंगी हो जाती है, हर साल ऐसा होता है। खेतों में पानी भरने से सब्जियां कम हो गईं। आमद कम हो गई और खरीदार ज्यादा हैं तो दम तो बढ़ेंगे ही।” उन्होंने आगे कहा कि प्राइवेट स्कूलों की ओर से अलग-अलग ड्रेस तैयार किया गया है। सरकार की ओर से सरकारी स्कूलों के लिए भी ड्रेस तय किया गया है।
सीईसी ज्ञानेश कुमार के बयान पर मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा, “उनका कहना है कि एक वोटर लिस्ट संभव नहीं है, जबकि 18 साल का व्यक्ति ही वोटर हो सकता है। 18 साल का व्यक्ति पंचायत चुनाव और लोकसभा चुनाव, दोनों में वोट देता है। तो फिर एक वोटर लिस्ट क्यों संभव नहीं है?”
2,243 प्राइमरी और 883 अपर-प्राइमरी स्कूलों के लिए नई इमारतें बनाने के प्रस्ताव पर मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा, “सरकार का इरादा जर्जर हो चुकी स्कूल की इमारतों को गिराकर उनकी जगह नई इमारतें बनाना है।”



