Tuesday, August 25, 2026
spot_img
Home अंतर्राष्ट्रीय ऑस्ट्रेलिया के पूर्व पीएम स्कॉट मॉरिसन से मिले भारतीय उच्चायुक्त नागेश सिंह

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व पीएम स्कॉट मॉरिसन से मिले भारतीय उच्चायुक्त नागेश सिंह

0
5

कैनबरा, 25 अगस्त (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया में भारत के उच्चायुक्त नागेश सिंह ने मंगलवार को पूर्व ऑस्ट्रेलियाई पीएम स्कॉट मॉरिसन से मुलाकात की। दोनों ने द्विपक्षीय संबंधों को और सशक्त बनाने के तरीकों पर चर्चा की।

मुलाकात के दौरान मॉरिसन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी गहरी मित्रता का उल्लेख किया।

ऑस्ट्रेलिया स्थित भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “भारत के उच्चायुक्त नागेश सिंह ने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई पीएम स्कॉट मॉरिसन एसी से मुलाकात की। जिन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी गहरी और करीबी मित्रता को याद किया। दोनों ने भारत-ऑस्ट्रेलिया की मजबूत साझेदारी और दोनों देशों के बीच गहरे और स्थायी संबंधों पर चर्चा की।”

जुलाई 2026 में ऑस्ट्रेलिया की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के दौरान, पीएम मोदी ने मेलबर्न में स्कॉट मॉरिसन से मुलाकात की थी। दोनों ने ‘कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ (व्यापक रणनीतिक साझेदारी) के तहत हुई शानदार प्रगति पर भी चर्चा की थी।

पीएम मोदी ने इसके बाद एक्स पर लिखा, “ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन से मिलकर हमेशा अच्छा लगता है। भारत-ऑस्ट्रेलिया दोस्ती पर हमारी बहुत अच्छी बातचीत हुई।”

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने कहा कि दोनों ने द्विपक्षीय संबंधों में हुई अहम प्रगति की समीक्षा की और मॉरिसन के कार्यकाल में हासिल की गई उन उपलब्धियों को याद किया, जिसकी बदौलत दोनों देशों के बीच सहयोग लगातार गहरा हो रहा है।

बैठक के बाद, मॉरिसन ने भी सोशल मीडिया पर अपने विचार साझा कर भरोसा जताया था कि भविष्य में भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंध और ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे।

तीन दिवसीय यात्रा के दौरान पीएम मोदी की ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बनीज के साथ अहम बातचीत भी हुई थी। दोनों ने मशहूर मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) के दौरे के दौरान ‘भारत-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स कोलैबोरेशन रोडमैप’ लॉन्च किया था। यह खेल, खेल विज्ञान और खेल इंफ्रास्ट्रक्चर में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम माना गया।