SGSU Advertisement
Home Student & Youth नालंदा विश्वविद्यालय में प्रोफेसर सहित 19 पदों पर नौकरी का अवसर, 15...

नालंदा विश्वविद्यालय में प्रोफेसर सहित 19 पदों पर नौकरी का अवसर, 15 सितंबर तक करें आवेदन

0
6

पटना, 27 अगस्त (आईएएनएस)। देश के किसी प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, नालंदा विश्वविद्यालय ने अपने विभिन्न स्कूलों/विभागों में शिक्षण पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं।

नालंदा यूनिवर्सिटी की ओर से शिक्षण पदों के लिए जारी 19 रिक्तियों में प्रोफेसर के 4, एसोसिएट प्रोफेसर के 6 और असिस्टेंट प्रोफेसर के 9 पद शामिल हैं। वहीं, जिन विभागों में भर्ती निकली है, उनमें प्रोफेसर के 4 में दर्शनशास्त्र, संस्कृत, डेटा साइंस और एआई, विज्ञान, तकनीक और नीति अध्ययन में 1-1; एसोसिएट प्रोफेसर के 6 पदों में बौद्ध अध्ययन, हिंदू अध्ययन, दर्शनशास्त्र, संस्कृत, डेटा साइंस और एआई, एवं विज्ञान, तकनीक और नीति अध्ययन में 1-1; और असिस्टेंट प्रोफेसर के 9 पदों में बौद्ध अध्ययन, हिंदू अध्ययन, दर्शनशास्त्र, संस्कृत में 2-2 एवं डेटा साइंस और एआई में 1 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन (गूगल फॉर्म) के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 22 अगस्त से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्ति के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे नालंदा विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना में दिए गए आवेदन लिंक के माध्यम से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर सकते हैं।

एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से प्रोफेसर पद के लिए संबंधित विभाग में मास्टर्स लेवल पर बेहतरीन एकेडमिक रिकॉर्ड और इंटरनेशनल टीचिंग का अनुभव के साथ पीएचडी या पोस्ट-डॉक्टरल रिसर्च, एसोसिएट प्रोफेसर या उसके बराबर के पद पर 3 से 7 वर्षों का शानदार शिक्षण अनुभव, जिसमें डॉक्टोरल और पोस्ट-डॉक्टोरल रिसर्च का मार्गदर्शन करने का ठोस अनुभव शामिल हो, होना चाहिए।

एसोसिएट प्रोफेसर के लिए मास्टर्स लेवल पर बेहतरीन एकेडमिक रिकॉर्ड और इंटरनेशनल टीचिंग का अनुभव के साथ संबंधित विषय में पीएचडी या पोस्ट-डॉक्टरल रिसर्च, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षण और रिसर्च में कम से कम 3 से 5 वर्षों का अनुभव, जिसमें डॉक्टोरल रिसर्च का मार्गदर्शन करने का ठोस अनुभव भी शामिल हो।

असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए किसी भारतीय या विदेशी विश्वविद्यालय से संबंधित विषय में मास्टर्स स्तर पर कम से कम 60 प्रतिशत अंक के साथ पीएचडी या पोस्ट-डॉक्टरल रिसर्च, रिसर्च में सक्रिय रूप से शामिल होना और पब्लिश हुए काम का सबूत होना, जिसमें कम से कम 3 से 5 पब्लिकेशन (जैसे किताबें और/या रिसर्च/पॉलिसी पेपर) शामिल हों, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित पीयर-रिव्यू जर्नल में पब्लिश हुए हों, होना चाहिए।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, लिखित परीक्षा, सेमिनार/प्रेजेंटेशन, इंटरव्यू, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी प्रोफेसर के लिए 30,000 से 45,000 अमेरिकी डॉलर (यूएसडी), एसोसिएट प्रोफेसर के लिए 20,000 से 35,000 यूएसडी और असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए 15,000 से 25,000 यूएसडी प्रति वर्ष होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो 500 रुपए तय किया गया है। कैंडिडेट्स ध्यान दें कि रजिस्ट्रेशन शुल्क के भुगतान के बाद ही आपके आवेदन पत्र को स्वीकार किया जाएगा।