गौतमबुद्धनगर, 27 अगस्त (आईएएनएस)। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर गौतमबुद्धनगर में मिलावटी और अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों की बिक्री एवं आपूर्ति पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अपना अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर विभाग की अलग-अलग टीमें लगातार बाजारों, मिठाई की दुकानों और खाद्य सामग्री लेकर आने वाले वाहनों की जांच कर रही हैं।
अभियान के दौरान संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं, जबकि प्रथमदृष्टया मिलावटी, प्रदूषित अथवा अस्वास्थ्यकर अवस्था में पाए गए खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कराया जा रहा है। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि रक्षाबंधन के दृष्टिगत 22 अगस्त 2026 से शुरू किए गए अभियान के तहत अब तक कुल 40 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा चुके हैं।
इस दौरान करीब 910 किलोग्राम पनीर, 160 किलोग्राम मिठाई और 125 किलोग्राम अन्य खाद्य सामग्री को प्रथमदृष्टया मिलावटी अथवा प्रदूषित पाए जाने पर नष्ट कराया गया है। इसके अलावा 100 किलोग्राम बूंदी को सीज किया गया है। विभाग की कार्रवाई के क्रम में 25 अगस्त की रात खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह और महेंद्र प्रताप सिंह की टीम ने जेवर टोल प्लाजा पर जांच की।
टीम ने विष्णु मिल्क प्रोडक्ट्स, हाथरस के पनीर वाहन से पनीर का एक नमूना लिया। इसी दौरान रबूपुरा, जेवर तहसील निवासी तंजीम के वाहन से टोफू का एक नमूना लिया गया और करीब 125 किलोग्राम सामग्री नष्ट कराई गई। इसके बाद 26 अगस्त को खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार और विजय बहादुर की टीम ने अजय डेयरी, इगलास, अलीगढ़ के पनीर वाहन की जांच कर पनीर का एक नमूना लिया।
वहीं अर्श डेयरी, दनकौर-ग्रेटर नोएडा के लिए दिल्ली से मेवात निर्मित बाइक के जरिए लाए जा रहे करीब 60 किलोग्राम खाद्य पदार्थ से भी नमूना लिया गया और शेष सामग्री को नष्ट कराया गया। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज की टीम ने भंगेल, नोएडा स्थित अग्रवाल स्वीट से पनीर का नमूना लिया। याकूबपुर, सेक्टर-85 स्थित बृजवासी स्वीट सेंटर से गुलाब जामुन का नमूना लिया गया। जांच के दौरान करीब 60 किलोग्राम गुलाब जामुन अस्वास्थ्यकर स्थिति में भंडारित पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया।
इसके अलावा रात में डेटा खुर्द, अलीगढ़ से सप्लाई के लिए लाए जा रहे पनीर वाहन की तुगलपुर, ग्रेटर नोएडा में जांच कर पनीर का नमूना लिया गया। विभाग के अनुसार 26 अगस्त की कार्रवाई में कुल 7 नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि रक्षाबंधन पर्व के दौरान अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग की टीमें खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करने के साथ-साथ संदिग्ध सामग्री की आपूर्ति और बिक्री पर भी निगरानी रखेंगी। अधिकारियों का उद्देश्य त्योहार के दौरान जनपदवासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को भी खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत दी है।
–आईएएनएस
पीकेटी/डीएससी
