SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय अमेरिका-ईरान के बीच नए प्रतिबंधों से बिगड़ सकते हैं हालात, यूएन प्रमुख...

अमेरिका-ईरान के बीच नए प्रतिबंधों से बिगड़ सकते हैं हालात, यूएन प्रमुख ने जताई च‍िंता

0
10

संयुक्त राष्ट्र, 28 अगस्त (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने की आशंका को लेकर चिंतित हैं। यह बात उनके प्रवक्ता ने कही।

स्टीफन दुजारिक के प्रवक्ता ने ईरान पर अमेरिका की ओर से लगाए गए नए प्रतिबंधों के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा, “महासचिव ऐसे किसी भी नए कदम या बयानों को लेकर चिंतित हैं जो हालात को और बिगाड़ सकते हैं। हम लगातार ऊर्जा आपूर्ति और खाद्य आपूर्ति में रुकावटें देख रहे हैं।”

यह सवाल इस बात को लेकर था कि क्या गुटेरेस को ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची का वह पत्र मिला है जिसमें ईरान पर लगाए गए नए अमेरिकी प्रतिबंधों का जिक्र था।

दुजारिक ने बताया कि पत्र प्राप्त हो गया है और अनुरोध के अनुसार उसे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद और महासभा के सदस्यों को भेज दिया गया है।

उन्होंने कहा कि यह संघर्ष, भले ही फिलहाल प्रत्यक्ष सैन्य टकराव के कम दौर में दिखाई दे रहा हो, फिर भी क्षेत्र और वैश्विक अर्थव्यवस्था को काफी नुकसान पहुंचा रहा है।

प्रवक्ता ने कहा कि स्थायी समाधान का एकमात्र रास्ता बातचीत है। उन्होंने कहा कि महासचिव कतर, मिस्र, पाकिस्तान और अन्य देशों की मध्यस्थता कोशिशों की सराहना करते हैं, जो राजनीतिक समाधान निकालने के लिए प्रयास कर रहे हैं।

इस बीच, ईरान के एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने गुरुवार को कहा कि अगर अमेरिका कोई ‘दुर्भावनापूर्ण’ कदम उठाता है, तो ईरान पश्चिम एशिया क्षेत्र में उसके सैन्य और आर्थिक हितों को निशाना बनाकर कड़ा जवाब देगा। उन्होंने कहा कि ऐसा जवाब ‘इतिहास में दर्ज होगा।’

अर्ध-सरकारी फार्स समाचार एजेंसी के अनुसार, ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव मोहसिन रेजाई ने यह बात तेहरान में कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जासिम अल थानी के साथ बैठक के दौरान कही।

रेजाई ने कहा कि तेहरान को वॉशिंगटन पर भरोसा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका ने बार-बार कूटनीति और बातचीत की प्रक्रिया के साथ विश्वासघात किया है।

उन्होंने कहा कि ईरान तब तक होर्मुज स्‍ट्रेट को दोबारा नहीं खोलेगा, जब तक अमेरिका ईरान की शर्तों को मानने के लिए ठोस कदम नहीं उठाता।

अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने सोमवार को ईरान को ‘आर्थिक डी-डे’ की चेतावनी दी थी और देश पर नए प्रतिबंधों की एक नई शृंखला की घोषणा की थी। वहीं, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्‍क‍ियन ने बुधवार को कहा कि अमेरिका का आर्थिक दबाव ईरान के खिलाफ कोई खास परिणाम नहीं ला पाएगा।