SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय बानिहाल में छात्राओं ने सेना के जवानों को बांधी राखी, कहा- आप...

बानिहाल में छात्राओं ने सेना के जवानों को बांधी राखी, कहा- आप घर से दूर हैं तो क्या, हम भी आपकी बहनें हैं

0
5

बानिहाल, 28 अगस्त (आईएएनएस)। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जम्मू-कश्मीर के बानिहाल गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने भारतीय सेना के जवानों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। छात्रों ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि भारतीय जवान हमेशा हमारी रक्षा के लिए खड़े रहते हैं। ऐसे में उन्हें राखी बांधना हमारे लिए गर्व की बात है।

स्कूल की छात्राएं हाथों में राखी और तिलक की थाली लेकर सेना के कैंप पहुंचीं, जहां उन्होंने जवानों को तिलक लगाया और उनकी कलाई पर राखी बांधी। इस दौरान सेना के जवानों के चेहरे पर भी खुशी और भावुकता साफ नजर आई। घर से दूर ड्यूटी पर तैनात जवानों के लिए यह पल किसी परिवारिक त्योहार से कम नहीं था।

एक छात्रा शिल्पा ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, “मुझे अपने आर्मी भाइयों को राखी बांधकर बहुत खुशी महसूस हुई। मैं चाहती थी कि उन्हें लगे कि भले ही उनकी बहनें दूर हैं, लेकिन हम भी उनकी बहनें हैं। उनकी कलाई पर राखी बांधना एक अद्भुत एहसास था।”

एक अन्य छात्रा आलिया फारूक ने कहा, “आज रक्षाबंधन पर हमने अपने आर्मी ब्रदर्स को राखी बांधी। उन्हें ये नहीं सोचना चाहिए कि वो घर से दूर हैं तो वो त्योहार मना नहीं पाएंगे। हम भी उनकी बहनें हैं, वैसे भी वो हमारी रक्षा करते हैं। इसलिए हमने उन्हें राखी बांधी।”

छात्रा काजल देवी ने बताया, “हमने हमारे देश के जवानों को राखी बांधी। हमें बहुत खुशी हुई। त्योहार पर भी वो ड्यूटी करते हैं, उन्हें घर जाने की छुट्टी तक नहीं मिलती है। इसलिए हमने उनके साथ राखी मनाई।”

भारतीय सेना के जवान देश की सुरक्षा के लिए अपने परिवारों से दूर सीमाओं और कठिन इलाकों में तैनात रहते हैं। ऐसे में कई बार वे अपने परिवार के साथ त्योहार भी नहीं मना पाते। बानिहाल की इन बेटियों ने न सिर्फ जवानों को राखी बांधकर उनका मान बढ़ाया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि पूरा देश ही उनका परिवार है।