SGSU Advertisement
Home Student & Youth सीएमएचओ भर्ती 2026: नर्सिंग ऑफिसर सहित 38 पदों पर आवेदन जारी, जानें...

सीएमएचओ भर्ती 2026: नर्सिंग ऑफिसर सहित 38 पदों पर आवेदन जारी, जानें योग्यता और सैलरी

0
5

रायपुर, 28 अगस्त (आईएएनएस)। मेडिकल क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय, जिला बलौदाबाजार, छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम)/राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन (एनयूएचएम) के तहत नर्सिंग ऑफिसर सहित विभिन्न 38 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं।

सीएमएचओ की ओर से जारी 38 रिक्तियों में ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर का 1, एमओ-आयुष (पुरुष) के 2, एमओ-आयुष (महिला) के 2, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) के 11, नर्सिंग ऑफिसर (एनएचएम) का 1, स्टाफ नर्स के 4, फार्मासिस्ट का 1, लैबोरेटरी टेक्नीशियन का 1, फिजियोथेरेपिस्ट का 1, दूसरी एएनएम का 1, डेंटल असिस्टेंट का 1, काउंसलर का 1, फीडिंग डेमोंस्ट्रेटर का 1, अटेंडेंट-एनआरसी का 1, कुक कम केयर टेकर का 1, नर्सिंग ऑफिसर-यूएचडब्ल्यूसी के 2, एमपीडब्ल्यू (पुरुष)-यूएचडब्ल्यूसी के 2, जूनियर सेक्रेटेरियल असिस्टेंट (एलडीसी)-यूएचडब्ल्यूसी के 2 और क्लास-IV-यूएचडब्ल्यूसी के 2 पद शामिल हैं।

इन सभी पदों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 20 अगस्त से शुरू हो गई है और आवेदन की अंतिम तिथि 7 सितंबर तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय अंतिम तिथि के शाम 5.30 बजे तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी जाती है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड/संस्थान/विश्वविद्यालय से संबंधित पद और क्षेत्र के अनुसार 8वीं, 10वीं, 12वीं के साथ एक वर्ष का डिप्लोमा, बीएससी नर्सिंग/पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग के साथ जीएनएम कोर्स पास किया हो और सीजी नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल में रजिस्ट्रेशन हो, बीएससी होम साइंस, साइकोलॉजी/काउंसलिंग/हेल्थ एजुकेशन/मास कम्युनिकेशन/सोशल साइंस में पीजी डिग्री/डिप्लोमा, फिजियोथेरेपी में बैचलर डिग्री (बीपीटी), फार्मेसी रजिस्ट्रेशन काउंसिल में रजिस्ट्रेशन के साथ फार्मेसी में डिग्री या डिप्लोमा (कम से कम 50 प्रतिशत अंक), कम से कम 50 प्रतिशत अंक के साथ एमबीए या एमएसडब्ल्यू के साथ 1 वर्ष का कंप्यूटर डिप्लोमा, आयुष, होम्योपैथी या यूनानी रजिस्ट्रेशन बोर्ड से रजिस्ट्रेशन के साथ बीएचएमएस/बीएएमएस/बीयूएमएस डिग्री, आदि होना चाहिए।

आवेदकों की न्यूनतम आयु पद के अनुसार 18 से 21 वर्ष और अधिकतम आयु 35 से 70 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, लिखित परीक्षा, मेरिट सूची, दस्तावेज सत्यापन, इंटरव्यू आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 8,800 से 26,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले सीएमएचओ कार्यालय, जिला बलौदाबाजार की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालकर उसे ‘कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा, छत्तीसगढ़’ पते पर तय समय सीमा के अंदर डाक के माध्यम से पहुंचा दें।