नई दिल्ली, 28 अगस्त (आईएएनएस)। देश के किसी प्रतिष्ठित संस्थान में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। शिक्षा और अनुसंधान नेटवर्क (ईआरनेट) इंडिया ने सीनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर सहित विभिन्न 6 खाली पदों को भरने के लिए उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
ईआरनेट इंडिया की ओर से जारी 6 रिक्तियों में प्रोजेक्ट इंजीनियर के 3, सीनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर का 1 और प्रोजेक्ट मैनेजर के 2 पद शामिल हैं। इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन (ईमेल) माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 7 सितंबर तक तय की गई है।
ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के पात्र और इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर लें।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित विषय में फुल-टाइम बीटेक/बीई/एमसीए/एमएससी या इसके समकक्ष डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास पद के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित 3 से 10 वर्षों का अनुभव होना भी जरूरी है।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु पोस्ट के अनुसार 40 से 63 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद के अनुसार 35,000 से 1,25,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले ईआरनेट इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए गूगल फॉर्म को भरने के साथ अपना आवेदन पत्र, सीवी/बायो-डेटा, एजुकेशनल क्वालिफिकेशन, अनुभव, उम्र, जाति आदि से संबंधित डाक्यूमेंट्स आधिकारिक ईमेल आईडी पर तय समय सीमा के अंदर एक ही पीडीएफ फाइल में मेल कर दें।
कैंडिडेट्स ध्यान दें कि ईआरनेट इंडिया की ओर से यह भर्ती शुरुआत में एक वर्ष की अवधि के लिए होगी, जिसे जरूरत के अनुसार आगे बढ़ाया जा सकता है।
–आईएएएसएस
डीके/एबीएम
