प्रयागराज, 29 अगस्त (आईएएनएस)। प्रयागराज स्थित स्वामी नारायण मंदिर का एक हिस्सा बीती रात अचानक ढह गया। जोरदार धमाके से अफरा-तफरी मत गई। कई लोग बाल-बाल बचे। तेज आवाज के साथ बिल्डिंग गिरी तो आस-पास के लोग भागकर आए तो देखा कि मंदिर का एक हिस्सा ढह गया है।
आईएएनएस से बातचीत करते हुए एक स्थानीय महिला गीता ने बताया कि रात लगभग 11 बजे यह हादसा हुआ है। हम लोग बगल में ही रहते हैं, अचानक तेज आवाज आई तो सब लोग देखने आए। यहां आकर देखा तो मंदिर का हिस्सा गिरा हुआ था। किस कारण से हिस्सा गिरा है, यह तो पता नहीं है, लेकिन यहां एक मकान बन रहा था; शायद इस वजह से गिरा होगा। गीता ने आगे बताया कि आवाज काफी तेज थी।
एक और स्थानीय शख्स मोईन अली ने आईएएनएस से बताया कि ऐसा लगा कि जैसे भूकंप का झटका हो, इसके बाद तेज आवाज आई। हम लोग देखने आए तो धुआं उठता हुआ दिखा, जब बगल में देखा तो मंदिर का हिस्सा गिरा था। यह घटना रात करीब साढ़े 11 बजे घटी। उन्होंने बताया कि स्वामी नारायण मंदिर है। इसी में तीन मंजिला मकान बना हुआ था। उन्होंने बताया कि बगल में गड्ढा खोदा गया था, इसी वजह से यह हिस्सा गिरा है।
मोईन अली ने बताया कि बगल में ही हम लोग रहते हैं। घटना के बाद हम लोगों में काफी डर का माहौल है।
