SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय त्रिशूली-3 ‘ए’ हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग में फंसे लोगों के बचाव अभियान...

त्रिशूली-3 ‘ए’ हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग में फंसे लोगों के बचाव अभियान में तेजी

0
7

काठमांडू, 29 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल सरकार ने रसुवा स्थित त्रिशूली-3 ‘ए’ हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट (जलविद्युत परियोजना) की सुरंग में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए पिछले दो दिनों से जारी बचाव अभियान तेज कर दिया है। शनिवार सुबह से सुरंग के प्रवेश द्वार को खोलने के लिए मलबा हटाने और खुदाई का काम और तेजी से किया जा रहा है।

नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए इसका अपडेट दिया। बचाव दल की कोशिशों को दर्शाती तस्वीरें भी साझा की। बताया कि सुरंग के भीतर लोगों के फंसे होने की सूचना मिलने के बाद बचाव कार्य को प्राथमिकता दी और प्रवेश मार्ग को खोलने के लिए सुरक्षा बलों की टीम को मौके पर तैनात किया है।

बयान में बचाव दल में शामिल लोगों की संख्या का वर्णन है। इसमें आगे कहा गया कि सुरंग के मुहाने की खुदाई और तलाशी अभियान में तेजी लाने के लिए नेपाली सेना के 62 जवानों सहित नेपाल सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस के कुल 82 कर्मियों की संयुक्त टीम शुक्रवार रात से लगातार अभियान में जुटी हुई है।

पोस्ट में खराब मौसम का हवाला देते हुए आगे कहा, “इलाके में खराब मौसम लगातार चुनौती बना हुआ है। प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के कारण सुरंग तक पहुंचने और मलबा हटाने के अभियान में मुश्किलें आ रही हैं।”

बयान में भारतीय बचाव दल के त्रिशूली पहुंचने का जिक्र है। लिखा है कि बचाव अभियान में सहायता के लिए भारत से पहुंची टीम त्रिशूली पहुंच गई है। भारतीय टीम ने हेलीकॉप्टर के जरिए चिलिमे और लांगटांग इलाकों का प्रारंभिक हवाई निरीक्षण किया है। भारतीय बचाव दल स्थिति का आकलन करने के बाद जरूरत के मुताबिक आगे के बचाव अभियान में शामिल होगा। नेपाली अधिकारियों और भारतीय टीम के बीच समन्वय के साथ सुरंग में फंसे लोगों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं।