SGSU Advertisement
Home राजनीति भागवत के अमेरिका दौरे को भाजपा-वीएचपी ने बताया अहम, कहा- दुनिया तक...

भागवत के अमेरिका दौरे को भाजपा-वीएचपी ने बताया अहम, कहा- दुनिया तक पहुंचेगा संघ का संदेश

0
4

नई दिल्ली, 29 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत के अमेरिका दौरे और संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित किए जा रहे ग्लोबल आउटरीच कार्यक्रम को लेकर भाजपा और विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है। नेताओं ने इसे संघ के विचार, सेवा कार्यों और भारतीय संस्कृति के संदेश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से संघ को लेकर विदेशों में मौजूद कथित गलतफहमियां भी दूर होंगी।

दिल्ली में वीएचपी प्रवक्ता विनोद बंसल ने मोहन भागवत के ग्लोबल टूर का स्वागत करते हुए कहा कि यह अच्छी बात है कि संघ प्रमुख अलग-अलग स्थानों पर जा रहे हैं। इससे लोगों को आरएसएस की सोच, विचारधारा और उसके सामाजिक कार्यों को समझने का अवसर मिलेगा। संघ को लेकर जिस तरह की गलतफहमियां या धारणाएं फैलाई जा रही हैं, उन्हें संघ प्रमुख के विचारों और उनके संबोधनों के जरिए दूर किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से मोहन भागवत के व्याख्यान को सुनने और उनका स्वागत करने की अपील की।

मुंबई में भाजपा विधायक राम कदम ने न्यूयॉर्क के मेयर की ओर से आरएसएस को लेकर कथित टिप्पणियों पर कहा कि उन्हें सबसे पहले संघ की विचारधारा को समझना चाहिए। अभी उन्हें आरएसएस के बारे में पर्याप्त जानकारी नहीं है और इसलिए उनकी टिप्पणियों को ज्यादा महत्व देने की जरूरत नहीं है। आरएसएस व्यक्ति को केवल अपने परिवार तक सीमित रहने के बजाय पूरे देश को अपना परिवार मानने की सीख देता है। संघ त्याग, समर्पण और सेवा की भावना के साथ काम करने का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि यदि न्यूयॉर्क के मेयर आरएसएस की विचारधारा को समझना चाहते हैं, तो उन्हें संघ की शाखा में जाकर उसके कामकाज को प्रत्यक्ष रूप से देखना चाहिए। राम कदम ने यह भी कहा कि भविष्य में उन्हें मोहन भागवत को सुनने का अवसर मिल सकता है।

वीएचपी इंद्रप्रस्थ प्रांत की अध्यक्ष उपासना अरोड़ा ने कहा कि विदेश यात्रा के दौरान भी उन्हें कई जगह आरएसएस से जुड़े स्वयंसेवक मिलते हैं। विदेशों में रहने वाले भारतीयों के लिए संघ प्रमुख मोहन भागवत से मिलना और भारत में हो रहे बदलावों के बारे में जानना महत्वपूर्ण अवसर होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि न्यूयॉर्क में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम में 5 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना है और विदेशों में रहने वाले कई भारतीय मोहन भागवत को सुनना चाहते हैं।

पंजाब के होशियारपुर में वरिष्ठ भाजपा नेता विजय सांपला ने आरएसएस के 100 वर्ष पूरे होने पर संगठन को बधाई दी और मोहन भागवत के अमेरिका दौरे के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने वर्ष 2025 में अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे किए हैं और इसी अवसर पर अमेरिका में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने आरएसएस को देश का सबसे बड़ा स्वयंसेवी संगठन बताते हुए कहा कि संघ लंबे समय से मानवता की सेवा और समाज निर्माण के लिए काम कर रहा है।

सांपला ने कहा कि संघ केवल सेवा कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में व्यक्तित्व निर्माण, मानवता और सेवा की भावना विकसित करने का भी प्रयास करता है। मोहन भागवत अमेरिका में संघ के विचारों और सेवा कार्यों को लोगों तक पहुंचा रहे हैं।

कर्नाटक के बीदर में भाजपा नेता ईश्वर सिंह ठाकुर ने मोहन भागवत की अमेरिका यात्रा और आरएसएस के शताब्दी समारोह को भारत की सभ्यतागत सोच को दुनिया तक पहुंचाने वाला अवसर बताया। उन्होंने कहा कि संघ के 100 वर्ष पूरे होना देश के लिए ऐतिहासिक अवसर है और इस मौके पर भारत तथा दुनिया के विभिन्न हिस्सों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अमेरिका में होने वाला ग्लोबल आउटरीच प्रोग्राम भारतीय विचारधारा के ‘वसुधैव कुटुंबकम’ यानी पूरी दुनिया को एक परिवार मानने के संदेश को आगे बढ़ाएगा।

ईश्वर सिंह ठाकुर ने कहा कि भारत की परंपरा दुनिया को शांति, सद्भाव और आपसी सम्मान का संदेश देने की रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मोहन भागवत का संबोधन इस विचार को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मजबूती से प्रस्तुत करेगा। भारत की सनातन परंपरा मानवता को जोड़ने और दुनिया में शांति एवं सद्भाव स्थापित करने की भावना पर आधारित है। संघ का यह अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम भारतीय संस्कृति और विचारों को वैश्विक स्तर पर समझने का अवसर प्रदान कर सकता है।