SGSU Advertisement
Home खेल यूपी टी20 लीग आईपीएल के लिए एक बेहतरीन जरिया है: करण शर्मा

यूपी टी20 लीग आईपीएल के लिए एक बेहतरीन जरिया है: करण शर्मा

0
9

नई दिल्ली, 30 अगस्त (आईएएनएस)। ‘काशी रुद्रास’ के कप्तान करण शर्मा मानते हैं कि ‘यूपी टी20 लीग’ ने राज्य के क्रिकेटर्स को एक शानदार मंच दिया है। इससे उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) जैसे बड़े टूर्नामेंट में जगह बनाने के लिए जरूरी अनुभव मिलता है।

करण शर्मा को आईपीएल 2022 और 2023 सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ खेलने का अनुभव है। वह उन खिलाड़ियों में से एक हैं जिन्हें इस 10-टीम वाली लीग में चुना गया है।

करण शर्मा ने कानपुर में लीग के दौरान ‘आईएएनएस’ से ​​खास बातचीत में कहा, “बिल्कुल। मैं यूपीसीए और राजीव शुक्ला सर का शुक्रिया अदा करता हूं। उन्होंने यूपी टी20 को हकीकत बनाने की पहल की, क्योंकि बतौर खिलाड़ी आपको अपनी प्रतिभा या अब तक की मेहनत और हुनर ​​को दिखाने के लिए एक मौके और मंच की जरूरत होती है। तो, यह एक पूरी प्रक्रिया थी। जैसे जब आप आए, तो ट्रायल हुए। फिर आपको सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए राज्य की ओर से खेलने का मौका मिला। जब आप वहां अच्छा खेलते हैं, तो आपको आईपीएल में चुना जाता है, लेकिन अब जब यूपी टी20 लीग आई है, तो हर खिलाड़ी को 10 लाइव मैच खेलने को मिले हैं, जो अपनी प्रतभा, काबिलियत और क्षमता को दिखाने के लिए काफी हैं।”

“यूपी के खिलाड़ियों में काफी प्रतिभा है और इसके जरिए उन्हें एक ऐसा मौका मिला है जिसमें वे खेल के मामले में अपनी पूरी काबिलियत दिखा सकते हैं। तो, 10 लाइव मुकाबलों से बेहतर कोई मौका नहीं है और मुझे लगता है कि यह एक अच्छी पहल रही है।”

गाजियाबाद के रहने वाले करण शर्मा ने एक मजबूत ढांचा बनाने का श्रेय उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) को दिया, जिसे अब यूपी टी20 लीग से और बेहतर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि उच्च स्तर पर खेलने की चाह रखने वाले खिलाड़ियों को मुकाबले के लिए तैयार रहना जरूरी है और राज्य का सेटअप सिर्फ नेट सेशन के आधार पर खिलाड़ियों को चुनने से बचता है। उन्होंने कहा, “यह हमेशा से अच्छा रहा है। मुझे कभी भी अपने प्रति कोई भेदभाव महसूस नहीं हुआ। लेकिन यह मजेदार है – उस इकोसिस्टम की वजह से जो बनाया गया है। मुझे लगता है कि यह बहुत निष्पक्ष इकोसिस्टम है, क्योंकि किसी भी बोर्ड के लिए खेलने से पहले, आपको लगभग 8 या 10 मैच मिलते हैं जिनमें आप खुद को साबित कर सकते हैं कि आप टीम में उस मौके के हकदार हैं या नहीं।”

“तो अगर आप बतौर खिलाड़ी मुझसे पूछें, तो यूपी ने हर चीज के लिए बहुत अच्छा इकोसिस्टम बनाया है। प्रत्येक खिलाड़ी को मौके की दरकार होती है और यहां, आपके पास खुद को साबित करने का शानदार मौका है, क्योंकि कभी-कभी ऐसा होता है कि कई जगहों पर वे सिर्फ नेट्स में प्रदर्शन के आधार पर टीम बनाई जाती है। तब आपको खुद को साबित करने का मौका नहीं मिलता, क्योंकि नेट्स देखकर यह अंदाजा नहीं लगाया जा सकता कि खिलाड़ी कैसा खेलेगा?”

“जब मैच होता है, तो आपको मौका मिलता है, और तभी पता चलता है कि खिलाड़ी कैसा प्रदर्शन करेगा या नहीं। यूपी टी20 लीग से पहले, हमारे जिले के मैच होते थे। फिर कैंप में ट्रायल मैच होते हैं। मुझे लगता है कि सीनियर टीम में जाने और यूपी के लिए खेलने तक, चाहे वह एज-ग्रुप क्रिकेट हो या सीनियर क्रिकेट, एक खिलाड़ी 8-10 मैच खेल चुका होता है। तब तक वह तैयार हो जाता है। यह एक बहुत अच्छा इकोसिस्टम है।”

करण शर्मा ने साल 2022 और 2023 में लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से खेला। साल 2023 में शुरू हुई यूपी टी20 लीग में खेलने के अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए शर्मा ने कहा, “यह बहुत अच्छा अनुभव था। जाहिर है, जब आप आईपीएल में होते हैं, तो एक अलग तरह का माहौल होता है। एक अलग ही ऊर्जा होती है और आप उसका लुत्फ उठाते हैं। पहली बार, मैं इसका काफी आनंद ले रहा था। जिन खिलाड़ियों को मैंने टीवी पर देखा था, मैं उनके साथ खेल रहा था और ड्रेसिंग रूम शेयर कर रहा था। ऐसे में जाहिर है कि आपके अंदर एक जबरदस्त एहसास होता है और यह मजेदार था। उसके बाद, जब मैं यूपी टी20 में आया, तो मुझे लगा कि क्रिकेट के स्तर के मामले में यह बहुत अच्छा और बहुत ऊंचा है – जैसे हर टीम में अच्छे गेंदबाज हैं। मैं यह नहीं कहूंगा कि इसमें आईपीएल जैसा ही दबाव होता है, लेकिन यह उसके बेहद करीब है। जब आप आईपीएल में या भारत के लिए खेलते हैं, तो मुझे लगता है कि इससे आपको उस दबाव और स्थिति में खेलने की ट्रेनिंग मिलती है। इसलिए यह काफी अच्छा है, क्योंकि आपको वैसी ही स्थितियां मिलती हैं।”