SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय पटना में संदिग्ध परिस्थिति में चार युवकों की मौत, जहरीली शराब पीने...

पटना में संदिग्ध परिस्थिति में चार युवकों की मौत, जहरीली शराब पीने की आशंका

0
6

पटना, 30 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल में संदिग्ध परिस्थिति में चार युवकों की मौत के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव के सैदपुर मोहल्ले की बताई जा रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि चारों युवकों ने जहरीली शराब का सेवन किया था। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत की वजह की पुष्टि नहीं की है और पोस्टमार्टम तथा जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान विकास, शशि, पंकज और रिशु के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चारों युवक एनटीपीसी में काम करते थे और रविवार को गांव में एक साथ नॉनवेज पार्टी कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने मछली, रोटी और चावल के साथ कथित तौर पर शराब का सेवन किया था। कुछ देर बाद अचानक चारों की तबीयत बिगड़ने लगी और देखते ही देखते वे बेहोश हो गए। चारों की हालत गंभीर होने के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें आनन-फानन में बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे।

वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत बेहद नाजुक होने के कारण चारों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही चारों युवकों की मौत हो गई। बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल की चिकित्सक डॉ. श्रेया शेखर ने बताया कि अस्पताल लाए जाने के समय चारों की हालत बेहद गंभीर थी।

चिकित्सकों के मुताबिक, किसी नशीले या जहरीले पदार्थ के सेवन से तबीयत बिगड़ने की आशंका है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवकों ने शराब या किसी अन्य पदार्थ का सेवन किया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।