कोलकाता, 31 अगस्त (आईएएनएस)। बैंक में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। यूनाइटेड कमर्शियल बैंक (यूको बैंक) ने वर्ष 2026-27 के लिए रेगुलर आधार पर स्पेशलिस्ट ऑफिसर्स की भर्ती के लिए कुल 20 पदों पर एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।
यूको बैंक की ओर से जारी 20 रिक्तियों में मैनेजर-एआई/एमएल इंजीनियर (एमएमजीएस-II) के 10 और मैनेजर-साइबर सिक्योरिटी (एमएमजीएस-II) के 10 पद शामिल हैं। सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 29 अगस्त से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 18 सितंबर है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्ति के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे यूको बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ मैनेजर-एआई/एमएल इंजीनियर पद के लिए कंप्यूटर साइंस/इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी/एआई और एमएल/डेटा साइंस में फुल-टाइम बीई/बीटेक या कंप्यूटर साइंस/इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी/एआई और एमएल/डेटा साइंस में एमसीए या एमटेक/एमई होनी चाहिए।
मैनेजर-साइबर सिक्योरिटी पद के लिए उम्मीदवारों के पास कंप्यूटर साइंस/कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग/सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग/इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी/इलेक्ट्रॉनिक्स/इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशंस इंजीनियरिंग या इनके बराबर के विषयों में फुल-टाइम बीटेक/बीई की डिग्री या एमसीए या कंप्यूटर साइंस/कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग/इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी/सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग/इलेक्ट्रॉनिक्स/इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशंस इंजीनियरिंग या इनके बराबर के विषयों में एमटेक/एमएससी की डिग्री होनी चाहिए।
इसके अलावा, दोनों पोस्ट के लिए कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में कम से कम 3 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है। आवेदकों की न्यूनतम आयु 25 वर्ष और अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 अगस्त के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, ऑनलाइन लिखित परीक्षा, स्क्रीनिंग, ग्रुप डिस्कशन, इंटरव्यू, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 64,820 से 93,960 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी उम्मीदवारों के लिए 850 रुपए और एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स के लिए 175 रुपए तय किया गया है।
