SGSU Advertisement
Home राजनीति तुष्टिकरण की राजनीति के लिए सनातन का अपमान करती है कांग्रेस: रोहन...

तुष्टिकरण की राजनीति के लिए सनातन का अपमान करती है कांग्रेस: रोहन गुप्ता

0
5

जयपुर, 31 अगस्‍त (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रोहन गुप्ता ने राजस्थान में चल रहे नगर निकाय चुनावों पर प्रतिक्रिया देते हुए इस्लाम पर कर्नाटक कांग्रेस के मंत्री की टिप्पणी की आलोचना की और साथ ही संघ प्रमुख मोहन भागवत पर अरशद मदनी की टिप्पणी को लेकर भी निशाना साधा।

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रोहन गुप्ता ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, “कांग्रेस के लिए सनातन की कीमत पर तुष्टिकरण की राजनीति करना कोई नई बात नहीं है। आप अपनी बात रख सकते हैं, लेकिन यह कहना कि यह धर्म बेहतर है और वह धर्म बुरा है—आप सनातन पर सवाल क्यों उठा रहे हैं? अगर कांग्रेस पार्टी के आलाकमान में जरा भी गरिमा या सम्मान है, तो उन्हें ऐसे बयान देने वालों को तुरंत पार्टी से निकाल देना चाहिए और सनातन का अपमान करने के लिए देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।”

उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस बार-बार सनातन को गाली देकर तुष्‍टीकरण की राजनीति करने का काम कर रही है। जनता कांग्रेस की असलियत जान चुकी है।

भाजपा नेता ने कहा कि जब भी अरशद मदनी को मौका मिलता है, वह नफरत की दुकान खोलकर बैठ जाते हैं। संघ प्रमुख मोहन भागवत ने बहुत सकारात्‍मक बात की है। नफरत तुष्‍टीकरण की राजनीति से फैलती है। जब मुसलमान समुदाय को भड़काने का काम होता है तो नफरत फैलती है। जब मुस्लिम महिलाओं के ट्रिपल तलाक की बात थी तो अरसद मदनी एक बार आवाज नहीं उठाई। मदनी के बयान से जितना नुकसान मुसलमानों का हुआ है, किसी और चीज से नहीं हुआ होगा।

रोहन गुप्ता ने कहा कि भाजपा मतलब भाईचारा और कांग्रेस मतलब कलह। यही चीज दिख रही है कि विपक्ष में होने के बावजूद भी भाग बंटाई हो रही है। भाजपा ने शांतिपूर्ण तरीके से उम्‍मीदवारों को टिकट दिया है। इसीलिए जनता का भरोसा हमेशा भाजपा के साथ होता है। जब भी कांग्रेस को मौका मिलता है और दिखाई देती है कि सत्‍ता मिल सकती है, वहां पर भाग-बंटाई, झगड़े शुरू हो जाते हैं। यह सिर्फ राजस्‍थान की बात नहीं है, बिहार-पंजाब जैसे कई राज्‍यों में टिकट को लेकर झगड़े शुरू हो जाते हैं। यह बातें जनता को पसंद नहीं है, चुनाव आम लोगों की सेवा के लिए है। इसीलिए राजस्‍थान की जनता ने मन बना लिया है कि इस बार ट्रिपल इंजन की सरकार बनाकर पूर्ण बहुमत से भाजपा का भगवा लहराएगा।