रांची, 31 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजनीति में 25 सालों का नेतृत्व रहा है और 17 सितंबर को, जिस दिन विश्वकर्मा पूजा है, उसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। प्रतिवर्ष भाजपा के कार्यकर्ता केक काटकर या मिठाई बांटकर प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन नहीं मनाती है, बल्कि सेवा ही संकल्प के सिद्धांत को जमीन पर उतारते हुए प्रधानमंत्री मोदी आम जनता से संबंध स्थापित करने का काम करती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सेवा ही संकल्प के माध्यम से समाज के कमजोर तबके के लोगों से संपर्क स्थापित करती है, जिसमें समाज के दबे कुचले और गरीब लोग भी शामिल हैं। हमारी पार्टी उन लोगों से संपर्क स्थापित करके उन्हें सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाती है।
नवीन जायसवाल ने कहा कि यह कहना गलत नहीं होगा कि आज की तारीख में भारतीय जनता पार्टी इस देश की सबसे बड़ी पार्टी है। इस सिद्धांत की वजह से आम लोगों के बीच में यह भी संदेश जाता है कि राजनीति से जुड़े लोग सिर्फ राजनीति करने के लिए ही नहीं, बल्कि सेवा भाव से प्रेरित होकर भी आम लोगों के बीच में पहुंचते हैं और उन्हें संबल प्रदान करते हैं। अब चाहे वो स्वच्छता की बात हो या मरीजों के बीच उनकी सेवा करने का ध्येय हो। भाजपा समाज कल्याण से जुड़े हर काम को करने में आगे रही है। मैं आपको बता दूं कि यह कार्यक्रम करीब एक महीने तक जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि देश के 150 करोड़ जनसंख्या के बीच चाहे वो आम आदमी हो, मुख्यमंत्री हो या चाहे नेता प्रतिपक्ष हो। सभी के लिए एक समान कानून है। इस बीच, अगर किसी की भावनाओं के साथ खिलवाड़ होगा, या किसी के साथ अत्याचार होगा तो मैं एक बात साफ कर देना चाहता हूं कि इस देश में गरीब और अमीर दोनों के लिए एक समान कानून है।
