SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय अखिलेश यादव के कार्यकाल को लोग भूले नहीं हैं, जमीन पर उनके...

अखिलेश यादव के कार्यकाल को लोग भूले नहीं हैं, जमीन पर उनके खिलाफ माहौल : ओपी राजभर

0
5

लखनऊ, 1 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।

अखिलेश यादव के पीडीए और जाति देखकर एनकाउंटर के आरोप पर ओम प्रकाश राजभर ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि पीडीए में यादव और मुस्लिम हैं। अखिलेश यादव पांच वर्ष सरकार में थे, उन्हें अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए। उनकी सरकार में आयोग ‘यादव आयोग’ बन गया था। हाईकोर्ट की लताड़ के बाद यादव आयोग को हटाना पड़ा था। ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि ये लोग सत्ता के लिए बौखलाए हुए हैं। इनको पता ही नहीं है कि क्या बोल रहे हैं?

ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और सीएम योगी को सत्ता देने के लिए अखिलेश यादव काम करते हैं। वे यादव और मुस्लिमों को एक करते हैं। उनके एम-वाई का मतलब मोदी और योगी है। योगी और मोदी को ताकत देने के लिए वे बोलते हैं।

सपा मुख्यालय में चलाए गए एआई वीडियो को लेकर ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि जिसका जो कल्चर होता है, वह उसी को जानता है। बतौर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सैफई में नाच देखते थे और मुजफ्फर नगर दंगे में जल रहा था, लोग आपस में कट-मर रहे थे, लेकिन उन्हें नाच ही दिखाई दे रहा है। इसके अलावा उनको कुछ दिखाई नहीं देता है। उनकी सरकार जाने के बाद 9 वर्ष से सैफई में नाच नहीं हो रहा है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर होने को लेकर ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि देश कानून से चल रहा है। अखिलेश यादव की ओर से राहुल गांधी का समर्थन करने को लेकर ओपी राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव के दिमाग में सिर्फ विरोध करना भरा है और विपक्ष का काम ही विरोध करना है, तो वे अपना काम करते हैं। सरकार अपना काम कर रही है। उनके फिजूल बयानबाजी से सरकार का कोई मतलब नहीं है।

सपा एमएलसी लाल बिहारी यादव के विवादित बयान पर ओपी राजभर ने कहा कि उन लोगों को प्रत्याशी नहीं मिल रहे हैं, अब वे कुत्ता लड़ाएंगे? ये लोग मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। ये लोग मतदाताओं का अपमान कर रहे हैं। अखिलेश यादव के ‘पीडीए’ के अलग-अलग मतलब पर राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव के आरोप निराधार हैं। उनके ‘पीडीए’ का असली फुल फॉर्म ‘पीट देगा अहीर’ है।

मौलाना साजिद रशीदी के ‘इस्लामी कानून’ वाले बयान पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अत्याचार पहले उनको अपने धर्म में रोकना चाहिए। अगर उनको कानून बनाना हो तो पाकिस्तान निकल जाएं। वहीं जाकर कानून बनाएं। यहां कानून बना हुआ है और कानून का राज है। कानून से ही देश चल रहा है। उनके कानून की जरूरत नहीं है।

ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “अखिलेश भाई! कब तक ये हवाबाजी चलती रहेगी। क्या एसी कमरे में बैठकर पीसी करके चुनाव लड़ेंगे? जमीन पर आइए महाराज। आइए दो दो हाथ हो जाए। एकतरफा चुनाव में मजा नहीं आता है। आप सीधे जनता का सामना करने में क्यों घबरा रहे हैं? पुराने पाप याद आ जाते हैं क्या? आपको पता है कि अपने कार्यकाल से आपके कार्यकर्ताओं के घर की महिलाओं को भी डर लगता है। यकीन न हो तो किसी कार्यकर्ता के घर की महिला से बातकर लीजिएगा।”

ओपी राजभर ने आगे लिखा, “दंगा, अपराध, भ्रष्टाचार, लूट-खसोट, महिलाओं के खिलाफ अपराध के ऐसे अनेक उदाहरण हैं कि जिन्हें याद करके रूह कांप जाती है, लगता है कि 2012-2017 के बीच उत्तर प्रदेश में सरकार थी ही नहीं। ट्विटर, एसी, पीसी करते रहिए भाई। जमीन पर आपको लेकर बहुत खराब माहौल है। आपके स्वजातीय और धर्म विशेष के कुछ उत्पाती लोगों को छोड़ दें तो कोई आपके साथ है नहीं। 10 साल हो गए, लेकिन लोग आपके विनाशकारी कार्यकाल को भूले नहीं हैं। घर में रहिए, सुरक्षित रहिए।”